रामकिशोर नानो कावरे ने प्रहलाद पटेल से मुलाकात की
रामकिशोर नानो कावरे ने प्रहलाद पटेल से मुलाकात कीRaj Express

बालाघाट और सिवनी जिले की लंबित सिंचाई परियोजनाओं को जल्द स्वीकृति मिले : रामकिशोर नानो कावरे

भोपाल, मध्यप्रदेश : आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रामकिशोर नानो कावरे ने गुरुवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय खाद्य प्र-संस्करण एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल से मुलाकात की।

भोपाल, मध्यप्रदेश। आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रामकिशोर नानो कावरे ने गुरुवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय खाद्य प्र-संस्करण एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल से मुलाकात की। उन्होंने बालाघाट एवं सिवनी जिले की लंबित सिंचाई परियोजना में जल्द स्वीकृति दिये जाने का आग्रह किया।

राज्य मंत्री कावरे ने केन्द्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री को अवगत कराया कि बालाघाट एवं सिवनी जिले की संजय सरोवर परियोजना में नहरों के विस्तारीकरण, नवीनीकरण और आधुनिकीकरण में स्वीकृति लंबित है। उन्होंने कहा कि 357 करोड़ रूपये लागत की कार्य-योजना बनाकर केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय को पूर्व में भेजी जा चुकी है। राज्य मंत्री कावरे ने कहा कि सिंचाई परियोजना में लाइनिंग कार्य कराये जाने से पानी की बर्बादी को रोका जा सकेगा। साथ ही बालाघाट एवं सिवनी जिले में करीब 11 हजार हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी और आसपास के 300 गांव के किसानों को लाभ मिलेगा।

इसी क्रम में कावरे ने केन्द्रीय आयुष विभाग के सचिव राजेश कोटेजा से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बालाघाट के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विकास को दृष्टिगत रखते हुए आयुर्वेद महाविद्यालय, हर्बल गार्डन एवं फार्मेसी की स्थापना के प्रस्ताव पर शीघ्र मंजूरी दिये जाने का अनुरोध किया। कावरे ने बताया कि केन्द्रीय जनजातीय मंत्रालय से भी आयुष शोध केन्द्र की स्थापना के लिये स्वीकृत राशि शीघ्र जारी किये जाने का अनुरोध किया गया है। राज्य मंत्री कावरे ने अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल खजुराहो में केन्द्रीय शोध संस्थान योग और नेचुरोपेथी के 100 बिस्तरीय चिकित्सालय के प्रस्ताव पर भी शीघ्र स्वीकृति दिये जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध खजुराहो में वर्षभर दुनियाभर के पर्यटक निरंतर पहुंचते हैं। खजुराहो में शोध संस्थान और नेचुरोपेथी चिकित्सालय के लिये भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। केन्द्रीय आयुष मंत्रालय के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर प्रस्ताव को उपयुक्त बताया है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com