MP में सत्ता परिवर्तन की भविष्यवाणी पर गरमाई राजनीति, कांग्रेस-भाजपा के नेताओं के बीच छिड़ी जुबानी जंग
भोपाल, मध्यप्रदेश। 2023 की तकरार, किसकी सरकार! प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारियां जोरों पर चल रही है, बीजेपी और कांग्रेस ने जनसभा और बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। वहीं इन दिनों MP में सत्ता परिवर्तन की भविष्यवाणी पर राजनीति गरमा गई है। जिसको लेकर कांग्रेस-भाजपा के नेताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुई है।
पंचांग में MP में सत्ता परिवर्तन की भविष्यवाणी
दरअसल मध्य प्रदेश के एक पंचांग में सियासी भविष्यवाणी की गई है कि वर्ष प्रारंभ से उत्तरार्ध तक का समय मुख्यमंत्री के लिये संकटकारी है, सरकार में बड़े परिवर्तन के योग है। जिसके बाद एक पंचांग की भविष्यवाणी ने मध्य प्रदेश की सियासत में सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है जिसके बाद से नेताओं के बयान सामने आ रहे है।
भविष्यवाणी से उत्साहित कांग्रेस
बता दें, इस भविष्यवाणी से उत्साहित कांग्रेस ने भी दावा किया है कि राज्य में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस की सरकार बन रही है और कमलनाथ CM बन रहे हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा- मध्यप्रदेश के प्रतिष्ठित पंचांग में मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने की भविष्यवाणी की गई है। पंडित के इस पंचांग ने हिमाचल में भी कांग्रेस सरकार बनने की भविष्यवाणी की थी, जो सच साबित हुई है। "छँटने को है अब अंधकार, आ रही है कमलनाथ सरकार"
कमलनाथ के मीडिया सलाहकार ने कहा- ये भविष्यवाणी इस बात का स्पष्ट संकेत है कि मध्यप्रदेश में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस की सरकार बन रही है और कमलनाथ मुख्यमंत्री बन रहे हैं।
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा- मध्य प्रदेश को लेकर की गई भविष्यवाणी भी सटीक बैठेगी और मध्य प्रदेश में कमलनाथ मुख्यमंत्री बनेंगे।
बीजेपी ने जताई आपत्ति
भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा- पंचांग और कैलेंडर की भविष्यवाणी पर कांग्रेस पार्टी खुशियां मना ले, भाजपा अबकी बार 200 पार का नारा पूरा करेगी।
नरेंद्र सलूजा ने तंज कसते हुए कहा कि, पहले ट्विटर पर सरकार, ट्विटर पर झंडा वंदन, फिर होर्डिंग से सरकार, भावी मुख्यमंत्री और अब भविष्यवाणी से सरकार….? पता नहीं यह कब समझेंगे कि सरकार सिर्फ़ जनता चुनती है, जिसके पास वो जाते नहीं….जिससे उनका नाता नहीं।
जबलपुर से सामने आई ये खबर
ये खबर जबलपुर से सामने आई है। यहां पंडित चतुर्वेदी का पंचांग छपता है। इस पंचांग में छपी भविष्यवाणी में सत्ता परिवर्तन के योग होने और कांग्रेस के मजबूती से उभरने की बात कही गई है। इससे उत्साहित प्रदेश कांग्रेस के नेता कहते हैं कि अब राज्य में हमारी सरकार बनना तय है। वहीं भाजपा इस बात पर आपत्ति जता रही है।
ये भी पढ़े-
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।