अपने काम का हिसाब वही दे सकता है, जिसने जनता के लिए कुछ किया हो -प्रभात झा
हाइलाइट्स :
प्रभात झा कहा, बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकार राज्य की सेवा कर रही है।
25 सितम्बर को होगा जन आशीर्वाद यात्रा का समापन।
सांसद गणेश सिंह ने भी किया पत्रकार वार्ता को सम्बोधित।
शहडोल, मध्यप्रदेश। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जा रही हैं और इन यात्राओं के माध्यम से सरकार द्वारा बीते सालों में किए गए गरीब कल्याण और विकास के कामों का रिपोर्ट कॉर्ड जनता के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। इस तरह से जन आशीर्वाद यात्राओं के माध्यम से अपने काम का हिसाब-किताब जनता के सामने रखने का काम वही दल कर सकता है, जिसने जनता के लिए कुछ किया हो। यह बात भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा ने विंध्य क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान शहडोल में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही। पत्रकारवार्ता को सांसद गणेश सिंह ने भी संबोधित किया।
जनता की सेवा कर रही हैं भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार: प्रभात झा
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि, PM मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार बीते 9 सालों से और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार लगभग 18 सालों से देश-प्रदेश की जनता की सेवा कर रही हैं। इस दौरान इन दोनों ही सरकारों ने गरीब कल्याण और विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, कई कदम उठाए हैं। इन योजनाओं और कामों से जो अंतर पड़ा है, उसे हर कोई महसूस कर रहा है। देश-प्रदेश में आ रहे इन सुखद परिवर्तनों का दौर चलता रहे, इसके लिए जरूरी है कि जनता आने वाले चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद और समर्थन दे।
जमीन पर साकार हो रहा सबका साथ, सबका विकासः गणेश सिंह
पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए सांसद गणेश सिंह ने कहा कि, महिलाओं का जन आशीर्वाद यात्रा जबरदस्त उत्साह इस यात्रा में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि, हमारी सरकारों ने बीते समय में जो काम किए हैं, उनका असर समाज जीवन पर दिखाई देने लगा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास' जमीन पर साकार होता दिखाई दे रहा है।
गणेश सिंह ने कहा कि, जी-20 सम्मेलन में पूरे विश्व के नेताओं ने पीएम मोदी के नेतृत्व को स्वीकार किया। 2003 के पहले मध्यप्रदेश का कुल बजट 21 हजार करोड़ का था लेकिन अब बढ़कर सवा तीन लाख करोड़ हो गया है। प्रदेश में सिंचाई के क्षेत्र में अभूतपूर्व बढ़ोतरी हुई है। मध्यप्रदेश लगातार 7 वर्षों से कृषि कर्मण पुरस्कार जीत रहा है। उन्होंने कहा कि 15 महीनों की सरकार के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वादा किया था कि किसानों के कर्ज़ माफ़ करेंगे और बेरोजगार युवाओं को 4000 बेरोजगारी भत्ता देंगे लेकिन किसी को नहीं दिया। कमलनाथ लगातार झूठ बोलते हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।