मध्यप्रदेश से 17 से अधिक विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग
मध्यप्रदेश से 17 से अधिक विधायकों ने की क्रॉस वोटिंगSocial Media

मध्यप्रदेश से 17 से अधिक विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग

राष्ट्रपति चुनाव में कांग्रेस को लगा तगड़ा झटका। पार्टी के निर्देशों को नजरअंदाज कर कांग्रेस के आदिवासी विधायकों ने सुनी अंतर्रात्मा की आवाज। मप्र से श्रीमती द्रोपदी मुर्मू को मिले 146 वोट।

भोपाल, मध्यप्रदेश। राष्ट्रपति चुनाव के लिए मप्र में कांग्रेस की किलेबंदी पूरी तरह से ढह गई है। एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार श्रीमती द्रोपदी मुर्मू के पक्ष में मप्र से जबर्दस्त क्रॉस वोटिंग हुई है। मप्र से कांग्रेसी खेमे के 17 से अधिक विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। क्रॉस वोटिंग करने वाले ज्यादातर कांग्रेसी विधायक आदिवासी वर्ग से आते हैं।

राज एक्सप्रेस ने बीते सोमवार 18 जुलाई को प्रथम पेज में मप्र में संभावित क्रॉस वोटिंग को लेकर समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। राज एक्सप्रेस ने यह भी कहा था कि कम से कम एक दर्जन कांग्रेसी विधायकों पर क्रॉस वोटिंग के लिए नजर रहेगी। यह अनुमान अब 21 जुलाई को हुए मतगणना में पूरी तरह सही साबित हो गई है। मप्र से 17 से अधिक कांग्रेसी विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन दिया है, जो कि भाजपा खेमे के लिए बड़ी उपलब्धि है।

द्रोपदी मुर्मू को यशवंत सिन्हा से 8,777 वोट मूल्य अधिक मिले :

गुरुवार को दिल्ली में हुई मतगणना में मप्र के बारे में जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक श्रीमती द्रोपदी मुर्मू को मप्र के 230 में से 146 विधायकों के वोट मिले, वहीं कांग्रेस उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को महज 79 वोट ही मिले। इस तरह वोट मूल्य के हिसाब से श्रीमती मुर्मू को 8,777 अधिक वोट मूल्य मिले। श्रीमती मुर्मू के वोटों का कुल मूल्य 19,126 रहा, वहीं सिन्हा के वोटों का कुल मूल्य 10,349 रहा।

क्रॉस वोटिंग से 2227 वोट मूल्य अधिक मिले :

श्रीमती मुर्मू को मप्र से हुई क्रॉस वोटिंग से ही 2227 वोट मूल्य अधिक मिले। मप्र से 17 से अधिक विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। यह साफ हो गया है।

सपा, बसपा और तीन निर्दलीयों के वोट भी श्रीमती मुर्मू को मिले :

मप्र में भाजपा के विधायकों की कुल संख्या 127 है, वहीं कांग्रेस के विधायकों की संख्या 96 है। बसपा से 02, सपा से 01 और 04 निर्दलीय हैं। बसपा के संजीव सिंह पहले ही भाजपा के पाले में है, ऐसे में संजीव सिंह का वोट पहले ही तय था, श्रीमती रामबाई को लेकर संशय बना हुआ था, लेकिन बाद में उन्होंने एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट कर सरकार से नरमी बनाए रखने के संकेत दे दिए। इधर सपा विधायक राजेश कुमार शुक्ला भी भाजपा के पाले हैं। ऐसे में ये 03 वोट एनडीए उम्मीदवार को मिले। इसके अलावा 04 निर्दलीय में से 03 के वोट भी श्रीमती मुर्मू को मिले। संभावना जताई जा रही है कि निर्दलीय में केवल सुरेंद्र सिंह शेरा ही यशवंत सिन्हा के पक्ष में गए। केदार डावर, विक्रम सिंह राणा और प्रदीप जायसवाल पहले ही भाजपा के पाले में थे। ऐसे में इनका वोट भी श्रीमती मुर्मू को मिला। इस तरह सपा, बसपा और निर्दलीय के 07 में से 06 वोट मिले।

क्रॉस वोटिंग के गणित को ऐसे समझें :

मप्र के एक विधायक के वोटों का कुल मूल्य 131 है। इस तरह 230 विधायकों के वोटों का कुल मूल्य 30,130 है। वोट मूल्य के लिहाज से मप्र देश का 6वां सबसे बड़ा राज्य है। सामान्य स्थिति में मप्र से भाजपा के 127 और सपा, बसपा और निर्दलीय के 06 वोट मिलाकर मप्र से एनडीए उम्मीदवार श्रीमती मुर्मू को 133 वोट मिलना तय माना जा रहा था। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार सिन्हा को 96 विधायकों का समर्थन मिलना था, लेकिन कांग्रेस के एक विधायक सचिन बिड़ला पहले ही कांग्रेस से बगावत कर चुके हैं और उन्होंने खुलकर एनडीए उम्मीदवार के समर्थन का ऐलान किया। इसी तरह कांग्रेस के ही एक और विधायक हीरालाल अलावा ने भी एनडीए उम्मीदवार का स्वागत करते हुए अपनी मंशा जाहिर कर दी थी। इस तरह 02 वोट पहले ही कम होने के साफ संकेत मिल गए थे। अब बाकी बचे कांग्रेस के 94 में से भी ज्यादातर आदिवासी विधायकों ने पार्टी लाइन को तवज्जो देने के बजाय अंतर्रात्मा की आवाज सुनी। कांग्रेस के 26 विधायक आदिवासी वर्ग से हैं। ऐसे में 17 से अधिक विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की।

17 से अधिक वोटों की क्रॉस वोटिंग क्यों :

दरअसल मप्र के 230 में से 05 विधायकों के वोट निरस्त भी हुए। इस तरह 655 वोट मूल्य निरस्त हुए। अब यह जो 05 वोट निरस्त हुए। संभावना है कि यह भाजपा और कांग्रेस दोनों से हो सकते हैं। ऐसे में यह साफ है कि कांग्रेस को जितना मिलना था, उससे कम से कम 17 विधायकों के वोट तो मिले ही नहीं। यदि निरस्त होने वाले विधायकों की संख्या को 02 से 04 के बीच भी मान लें तो यह संख्या स्वाभाविक रूप से 17 से अधिक पहुंच जाती है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि कांग्रेस से 17 से 20 के बीच विधायकों ने तो क्रॉस वोटिंग निश्चित रूप से की होगी।

मप्र से किसे कितने वोट मिले :

  • द्रोपदी मुर्मू : 146 वोट मिले, वोटों का मूल्य 131, वोटों का कुल मूल्य 19126

  • यशवंत सिंन्हा : 79 वोट मिले, वोटों का मूल्य 131, वोटों का कुल मूल्य 10340

  • कुल अंतर : 8777

  • क्रॉस वोटिंग कम से कम : 17

  • क्रॉस वोटिंग का कुल मूल्य : 2227

  • निरस्त वोट : 05

  • निरस्त वोट का कुल मूल्य : 655

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com