आतंक के खात्मे और पृथ्वीपुर के विकास के लिए भाजपा को जिताएं
आतंक के खात्मे और पृथ्वीपुर के विकास के लिए भाजपा को जिताएंSocial Media

आतंक के खात्मे और पृथ्वीपुर के विकास के लिए भाजपा को जिताएं

निवाड़ी, मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पृथ्वीपुर में पार्टी प्रत्याशी डॉ. शिशुपाल यादव के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित किया।

निवाड़ी, मध्यप्रदेश। कांग्रेस के शासनकाल में पृथ्वीपुर गुंडागर्दी और आतंक का पर्याय बन गया था। गरीबों को दबाया जा रहा था, उनके लिए आवाज उठाने वालों को खत्म किया जा रहा था। भाजपा की सरकार आने के बाद इस आतंक का खात्मा हुआ। ये आतंक फिर न लौटे और पृथ्वीपुर विकास के रास्ते पर तेजी से चले, इसके लिए इस उपचुनाव में आप सभी का समर्थन जरूरी है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पृथ्वीपुर में पार्टी प्रत्याशी डॉ शिशुपाल यादव के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जब कांग्रेस का शासन था, मिस्टर बंटाढार मुख्यमंत्री थे, तो चंबल के बीहड़ों से लेकर चित्रकूट तक डाकुओं का आतंक था। मैंने मुख्यमंत्री बनते ही कह दिया था कि या तो मध्यप्रदेश में ये डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान रहेगा। भाजपा सरकार बनने के बाद चंबल से लेकर चित्रकूट तक के डाकुओं का सफया कर दिया। पृथ्वीपुर में हमारे नेता और हमेशा गरीबों की आवाज उठाने वाले सुनील नायक की हत्या करवा दी गई। वे गरीबों के लिए आवाज बुलंद करते थे तो इन्होंने उनकी आवाज को ही हमेशा के लिए बंद कर दिया। वे हमारे लिए शहीद हुए हैं,उनकी पृथ्वीपुर में प्रतिमा लगाई जाएगी। श्री चौहान ने कहा कि अब यहां पर आतंक का खतरा नहीं है अब तो यहां के लोग खुशहाली में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को नहीं दबाया जा सकता।

पैसों के लिए रोने वाला मुख्यमंत्री नहीं चाहिए :

मुख्यमंत्री ने कहा कि कमलनाथ जब मुख्यमंत्री थे तो हमेशा पैसों के लिए रोते रहते थे। उनके पास गरीबों के हितों के काम, विकास कार्यों के लिए पैसे नहीं थे, लेकिन आईफा अवार्ड जैसे आयोजन के लिए करोड़ों रूपए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों के बीमा के 2200 करोड़ रूपए नहीं जमा किए। कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी का वादा भी किया था, लेकिन वह भी पूरा नहीं किया। कांग्रेस ने हमारी योजनाओं को बंद कर दिया, जिससे गरीबों को उनका अधिकार नहीं मिल सका।

पृथ्वीपुर को भयमुक्त बनाकर विकासयुक्त बनाना है : शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गुंडागर्दी और आतंक चरम पर था। चंबल से लेकर चित्रकूट और पृथ्वीपर तक में जमकर आतंक और गुंडागर्दी थी। लेकिन अब यह स्थितियां नहीं हैं। अब पृथ्वीपुर से भी आतंक और गुंडागर्दी को समाप्त करना है, इसके लिए भाजपा को लेकर आना है। श्री शर्मा ने कहा कि अब पृथ्वीपुर को भयमुक्त बनाकर इसको विकासयुक्त भी बनाना है।

भाजपा ने बनाया मध्यप्रदेश को विकास प्रदेश :

श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश को विकास का प्रदेश भाजपा सरकार ने बनाया है। कांग्रेस तो सिर्फ बातें करती थीं, लेकिन भाजपा ने जमीनी स्तर पर कार्य करके दिखाया है। कांग्रेस के दिग्विजयसिंह ने तो मध्यप्रदेश को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया था। इसके बाद कमलनाथ ने भी 15 माह में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ही बंद कर दिया था। अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीबों की बेहतरी के लिए फिर से इन योजनाओं को शुरू किया है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र खटीक, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, प्रदेश सरकार के मंत्री गोपाल भार्गव, विश्वास सारंग, डॉ प्रभुराम चौधरी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक, प्रदेश मंत्री ललिता यादव, पूर्व विधायक अनिता नायक सहित पार्टी पदाधिकारीए कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com