कमलनाथ के बयान पर शिवराज का प्रहार- आप बुजुर्ग नेता हैं, कम से कम संयम का परिचय दीजिए
मध्यप्रदेश। प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारियां जोरों पर हैं, विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेता दौरे कर रहे और एक दूसरे पर जमकर तंज कस रहे हैं। एक दिन पहले मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने निवाड़ी में बड़ा बयान दिया था, इस बयान पर आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधा है।
कमलनाथ पर जुबानी हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा-
पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता कमलनाथ पर जुबानी हमला करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा है कि ये उनकी(कमलनाथ) कुंठा बोल रही है। कभी वो खुद को भावी मुख्यमंत्री बताते हैं, कभी भविष्य वक्ता हो जाते हैं। एक कुंठित व्यक्ति ही ऐसी भाषा बोल सकता है कि देख लूंगा, निपटा दूंगा। कमलनाथ जी आप बुजुर्ग नेता हैं, कम से कम संयम का परिचय दीजिए।
निवाड़ी में कांग्रेस नेता कमलनाथ ने दिया था ये बयान:
20 जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता कमलनाथ टीकमगढ़-निवाड़ी पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस नेता कमलनाथ ने बयान देते हुए कहा था कि, 8 महीने में चुनाव है। अधिकारियों और पुलिस को कह दीजिएगा कि, 8 महीने में हम आपसे हिसाब लेंगे। सभी कर्मचारी और पुलिस के लोग कान खोलकर सुन लें कि उनका अच्छा हिसाब लिया जाएगा।
साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता कमलनाथ ने निवाड़ी के पृथ्वीपुर में कार्यकर्ताओं से कहा था कि प्रदेश की शिवराज सरकार निरंतर झूठे वादे कर रही है और इनके पास पुलिस, पैसा और प्रशासन के दबाव में लोगों को परेशान करने में लगे हुए है। जिसका आठ माह के बाद एक-एक हिसाब लिया जाएगा। इस दौरान उनके साथ मंच पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष, रविन्द्र घोष, रजनीश पटेरिया, नरेन्द्र खरे, सुरेन्द्र सिंह यादव बोक्सी, सुनील यादव, नरेश यादव, रोहित रजक सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।