जिनकी जाति का पता नहीं, वे जाति जनगणना की मशाल लिए घूम रहे - प्रहलाद सिंह पटेल
हाइलाइट्स :
प्रहलाद सिंह पटेल ने जातिवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा।
कांग्रेस पर लगाए परिवारवाद के आरोप।
भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रहलाद सिंह पटेल ने किया प्रचार।
भोपाल। कांग्रेस में पुत्र मोह चरम पर है और कार्यकर्ता हाशिए पर हैं। कांग्रेस पार्टी समाज को ठगने के लिए षड्यंत्र करने में माहिर है। कांग्रेस जातीय जनगणना कराने की घोषणा कर समाज को बांटने की कोशिश कर रही है। जातियों का विभाजन समाज के लिए विष के समान है। राहुल गांधी, जिनकी अपनी जाति और धर्म का ठीक-ठीक पता नहीं, वे जातीय जनगणना की मशाल लिए घूम रहे हैं। यह बात केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुना जिले के चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा, भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं जमीन पर उतरीं और उनका लाभ मातृशक्ति को मिल रहा है। जनता का हक छीनने की साजिश करने वालों को सजा देनी होगी। समाज को जातियों में बांटने वालों की पहचान अब जरूरी हो गयी है, क्योंकि ये जहर विकास के लिए बहुत घातक है। राहुल गांधी जाति जनगणना की मशाल लिए घूम रहे हैं। जब पचास साल कांग्रेस ने राज किया तब ये बात क्यों याद नहीं आई। हम तीन दीपावली मनाने की ओर अग्रसर हैं। पहली दीपावली 14 नवंबर को होगी, दूसरी दीपावली होगी मतदान दिवस पर 17 नवंबर को और तीसरी 3 दिसंबर को होगी, जब मध्यप्रदेश में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।
कांग्रेस में पूरी सत्ता परिवारों के बीच बंटी है:
केंद्रीय मंत्री पटेल ने कहा कि कांग्रेस में पूरी सत्ता परिवारों के बीच बंटी हुई है। सोनिया गांधी से लेकर कमलनाथ और दिग्विजय सिंह केवल अपने बेटों के लिए कांग्रेस का उपयोग कर रहे हैं। कांग्रेस का कार्यकर्ता ठगा हुआ सा बैठा है। भाजपा में छोटे से कार्यकर्ता का भी इतना मान है कि वो प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बन सकता है। कांग्रेस में सामंतवादी सोच कभी समाप्त नहीं हो सकती, क्योंकि कांग्रेसियों को अपने अलावा कुछ भी दिखाई नहीं देता। बेटों के मोह के कारण ही कांग्रेस की पूरे देश में ये दुर्दशा हो गयी है।
कांग्रेस भ्रष्टाचार करने के लिए चाहती है सत्ता :
शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा के पार्टी प्रत्याशी महेंद्र यादव के समर्थन में रंनोद गांव में सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पटेल ने कहा कि, कांग्रेस पिछड़ी जातियों का नाम लेकर केवल सत्ता पाना चाहती है। कांग्रेस पार्टी जनता की सेवा और विकास कार्य नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार करने के लिए सत्ता में आना चाहती है। कांग्रेस और उसके नेताओं की जनता के साथ जरा भी सहानुभूति नहीं है। भाजपा के पास तीन विकास संकल्प हैं। पहला गरीब कल्याण, दूसरा मातृशक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना और तीसरा संकल्प है देश की अगली पीढ़ी को ऐसा वातावरण देना जिसमें वो अपना संपूर्ण विकास कर सके।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।