ठंड का सितम: अगले चौबीस घंटों के दौरान मध्यप्रदेश के इन जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना
मध्यप्रदेश। नव वर्ष के प्रारंभ से कड़ाके की ठंड का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। मध्य प्रदेश में हवाओं का रुख बदलने से कोहरे और शीतलहर के चलते समूचे मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। छतरपुर जिले के नौगांव में पारा आज दूसरे दिन भी शून्य के करीब रहा, यहां न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही पर्यटन स्थल खजुराहो और उमरिया में भी कड़ाके की ठंड हैं, जहां पारा दो डिग्री के नीचे पहुंच गया।
अगले चौबीस घंटों के दौरान इन जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों ने अगले चौबीस घंटों के दौरान ग्वालियर और चंबल संभागों में तथा रायसेन, रतलाम, नीमच, मंदसौर, उमरिया, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने और चंबल संभाग के जिलों के अलावा उमरिया, छतरपुर, टीकमगढ़, दतिया और ग्वालियर जिलों में कहीं-कहीं फसलों में पाला लगने की भी संभावना है। वहीं इन स्थानों पर शीतलहर भी चल सकती है।
भोपाल में भी कड़ाके की ठंड का दौरा बना हुआ :
राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्र में भी कड़ाके की ठंड का दौरा बना हुआ है। हालांकि दिन में धूप निकल जाने के चलते यहां ठंड से हल्की राहत रहती है। यहां रात्रि का तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां कल की तुलना में कुछ अधिक है। अगले चौबीस घंटों के दौरान यहां मौसम शुष्क रहने और 14 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और अधिकतम तानमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने के आसार जताए गए हैं।
मध्यप्रदेश कोहरे की चादर में लिपटा
उत्तरी सर्द हवाओं के असर से सिहरन बढ़ गई है। ऐसे में मध्यप्रदेश कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया है। भोपाल, ग्वालियर, दतिया, छतरपुर समेत कई जिलों में भी मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। ग्वालियर में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी कम हुई। वही छतरपुर में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।