PM मोदी और शिवराज की बुराई करने से नहीं मिलेंगे है वोट: केंद्रीय मंत्री का कांग्रेस पर तंज
MP News: मध्यप्रदेश व केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा जो विकास कार्य किए गए है, उन कार्यों को बताकर जन-जन का आर्शीवाद लेने के लिए भाजपा की जन आर्शीवाद यात्रा निकाली जा रही है ऐसे में आज जन आशीर्वाद यात्रा के अंतर्गत उमरिया में जनसभा में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि, कांग्रेस का भरोसा विकास नहीं, विनाश है।
जन आशीर्वाद यात्रा भाजपा का बहुत ही महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है: केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि, जन आशीर्वाद यात्रा भाजपा का बहुत ही महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। हर 5 वर्ष में एक बार भाजपा कार्यकर्ता अपने कामकाज का लेखा-जोखा देने और जनता का आशीर्वाद लेने इस यात्रा के माध्यम से निकलते हैं। पूरे प्रदेश में यात्राओं को जो जन समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है, उसके लिए मैं आप सभी का भाजपा की ओर से आभार प्रकट करता हूँ।
आगे नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, चुनाव की बेला है, भाजपा की यात्रा है और जनता का आशीर्वाद है, इसे देखकर मैं कह सकता हूँ भाजपा भारी बहुमत से जीतेगी। 2003 से पहले कांग्रेस सरकार में इस क्षेत्र में सड़क, बिजली और पानी तक नहीं था। आज कांग्रेस के लोग बेशर्मी से वोट मांगते हैं। मैं उन्हें कहना चाहता हूँ कि मोदी जी और शिवराज जी की बुराई करने से वोट नहीं मिलेंगे, वो ये बताए कि देश और मध्य प्रदेश में आपकी सरकार थी तब आपने क्या किया?
वही, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि, भाजपा सरकार के जन कल्याण के कामों को घर-घर पहुँचाने के काम में भाजपा कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यकर्ता भाई-बहनों से कहना चाहता हूँ कि चुनाव में अब सिर्फ 60 दिन बचे हैं, इसलिए जुट जाओ मेहनत में। जनता का आशीर्वाद लेने हम निकले हैं, इसलिए कार्यकर्ता भाइयों-बहनों हमें घर-घर जाकर भाजपा सरकार की गरीब कल्याण पर आधारित जनहितैषी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करके उनका आशीर्वाद लेना है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।