विष्णुदत्त शर्मा
विष्णुदत्त शर्माSocial Media

मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों की सराहना से मिली स्वच्छता अभियान को नई ऊर्जाः विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा, खजुराहो में पिछले 55 दिनों से अनवरत चल रहे इस अभियान को सफल बनाने के लिए मैं सभी संगठनों एवं नागरिकों का हार्दिक अभिनंदन करता हूं।

खजुराहो, मध्यप्रदेश। खजुराहो में जी-20 देशों के वर्किंग ग्रुप ऑफ कल्चर की बैठक बुधवार से शुरू हो गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र खटीक, जी.किशन रेड्डी, मीनाक्षी लेखी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्रियों ने इस दौरान खजुराहो का भ्रमण किया और प्रदेश अध्यक्ष व स्थानीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा की प्रेरणा से शुरू किए गए स्वच्छ एवं हरित खजुराहो अभियान की सराहना की।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र खटीक, जी.किशन रेड्डी, मीनाक्षी लेखी द्वारा स्वच्छता अभियान की प्रशंसा किए जाने पर उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा, मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्रियों ने खजुराहो में जनसहयोग से चल रहे स्वच्छता अभियान को सराहा है, जिससे इस अभियान और इसके अंतर्गत अथक परिश्रम कर रहे लोगों को नई ताकत मिली है। खजुराहो में पिछले 55 दिनों से अनवरत चल रहे इस अभियान को सफल बनाने के लिए मैं सभी संगठनों एवं नागरिकों का हार्दिक अभिनंदन करता हूँ।

केंद्रीय मंत्रियों ने जी-20 बैठक के पूर्व चलाए गए स्वच्छता अभियान के लिए भारत सरकार की ओर से प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा एवं स्थानीय जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। यहां जी-20 देशों की बैठक की घोषणा के बाद से ही प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा के आह्वान पर स्वच्छ व हरित खजुराहो अभियान शुरू किया गया था। प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक इस अभियान में सहभागिता की और अभियान बीते 55 दिनों से निरंतर चल रहा है।

खजुराहो में साकार हुई स्वच्छता के प्रति प्रधानमंत्री की सोच :

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि, मेरी अपील पर खजुराहो की जनता और स्वयंसेवी संस्थाओं ने स्वच्छता के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को खजुराहो में अक्षरशः जमीन पर उतारने का काम किया है। इस अभियान के अंतर्गत हरित खजुराहो को ध्यान में रखते हुए पौधरोपण भी किया गया है, जिसमें आम लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जी-20 देशों के वर्किंग ग्रुप ऑफ कल्चर की बैठक में भाग लेने आए मेहमानों के स्वागत के लिए ‘अतिथि देवो भव’ की भावना की अनुरूप स्थानीय जनता, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, मीडिया के मित्रों और सामाजिक संस्थाओं ने जो प्रयास किए हैं वह सराहनीय हैं और उन प्रयासों के लिए मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं। भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं और स्थानीय महिलाओं ने रंगोली बनाकर एवं घर-घर दीप जलाकर अतिथियों का स्वागत किया, यह अभिनंदनीय है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बन रही भारत की नई पहचान :

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आगे यह भी कहा- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी नई पहचान बना रहा है। भारत द्वारा जी-20 समूह की अध्यक्षता किया जाना इसी का प्रमाण है और यह प्रत्येक भारतवासी के लिए गौरव की बात है। यह पहला मौका है कि, मध्यप्रदेश के अलग अलग शहरों में जी-20 के अलग -अलग समूहों की बैठकें हो रही हैं। कला, संस्कृति, खेल, आर्थिक, सामाजिक, पर्यावरण जैसे वैश्विक विषयों पर मंथन हो रहा है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com