लगातार दूसरे दिन छाया घना कोहरा
लगातार दूसरे दिन छाया घना कोहरासांकेतिक चित्र

Weather Update : सीजन का पहला तीव्र शीतल दिन दर्ज, लगातार दूसरे दिन छाया घना कोहरा, सूर्यदेव ने भी लिया हाफ डे

भोपाल, मध्यप्रदेश : रविवार को नए साल के पहले सप्ताह के पहले दिन चिलचिलाती ठंड और कोहरे के साथ लोगों की नींद खुली। लगातार तीन दिन से तापमान गिरने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

भोपाल, मध्यप्रदेश। राजधानी में ठंड ने इस सीजन के अब तक के रिकार्ड तोड़ दिए और पारा सामान्य से कम रहा। सीजन में पहली बार मंगलवार का दिन तीव्र कोल्ड डे रहा। वहीं रही सही कसर ठंड़ी हवाओं ने पूरी कर दी, जिससे हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड का अहसास हुआ। साथ ही सुबह घना कोहरा छाए रहने से सूर्यदेव के दशर्न भी कुछ समय के लिए ही हुए। लगातार दूसरे दिन दृश्यता 50 मीटर तक पहुंच गई, जिससे कुछ दूर की चीजें ही दिखना मुश्किल हो गया। सुबह 9 -9:30 बजे तक हालात यह थे कि सड़कों पर गाडिय़ां रेंग रही थी। उसके बाद धीरे-धीरे दिन होते-होते आसमान साफ होने लगा, लेकिन 11 बजे के बाद ही कुछ घंटों के लिए सूर्यदेव के दशर्न हो सके, लेकिन धूप में तीव्रता नहीं रही। मौसम खुलने के बाद भी सर्द हवाओं के चलने से दिनभर ही कड़ाके की ठंड महसूस हुई।

ऐसा ही बीतेगा पहला सप्ताह :

रविवार को नए साल के पहले सप्ताह के पहले दिन चिलचिलाती ठंड और कोहरे के साथ लोगों की नींद खुली। लगातार तीन दिन से तापमान गिरने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सर्दी के तेवर और तीव्र हो गए है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि कोई प्रभावी मौसम प्रणाली इस समय प्रदेश या आसपास मौजूद नहीं है। इसके चलते हिमालय से सर्द उत्तरी हवाएं बिना अवरोध के प्रदेश में आ रही हैं। इन हवाओं के असर से जनवरी के पहले सप्ताह सर्दी के तेवर ऐसे ही बने रहेंगे और तापमान इसी स्तर के आसपास रहेगा। बुधवार को भी सुबह कोहरा छाया रहेगा और दिन का तापमान 21 डिग्री, वहीं रात का 7 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 5 से 7 जनवरी तक कोहरा छंटने और मौसम शुष्क होने के आसार हैं। इस दौरान पारे में एक-दो डिग्री की वृद्धि हो सकती है।

दिन का पारा सामान्य से 7 डिग्री कम, रात का 8.4 डिग्री :

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी अशफाख हुसैन ने बताया कि वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली उत्तर भारत में सक्रिय नहीं है। पिछले दिनों हुई भारी बर्फबारी के कारण उत्तर भारत में तापमान काफी कम बना हुआ है। वहां से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। हालांकि यह सोमवार के न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जबकि अधिकतम तापमान में सोमवार के मुकाबले तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पारा लुढ़क कर 17.3 पर पहुंच गया। यह सामान्य से सात डिग्री कम रहा।

तीव्र शीतल दिन की श्रेणी में रहा भोपाल :

रात का तापमान 10 डिग्री से कम होने और उसके बाद दिन के तापमान के सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज होने के चलते यहां तीव्र शीतल दिन दर्ज किया गया। वहीं जब रात का तापमान 10 डिग्री से कम हो साथ ही दिन का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो, ऐसा दिन शीतल दिन की श्रेणी में आता है।

मंगलवार को लगातार दूसरे दिन सुबह राजधानी में घना कोहरा छाया रहा। सुबह 10 बजे तक शहर के ज्यादातर इलाकों में विजिबिलिटी कम रही। एयरपोर्ट रोड पर सबसे कम 50 से 200 मीटर थी।

कोहरे की श्रेणी :

  • अतिघना कोहरा - 50 मीटर से कम दृश्यता

  • घना (डेंस) कोहरा - 50 से 200 मीटर के बीच दृश्यता

  • मध्यम (मार्डेट) कोहरा - 200 से 500 के बीच दृश्यता

  • हल्का (शेलो) कोहरा - 500 से 1000 मीटर दृश्यता

गिरावट के क्रम में रहा पारा :

  • 3 जनवरी को अधिकतम 17.3 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस

  • 2 जनवरी को अधिकतम 20.2 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस

  • 1 जनवरी को अधिकतम 23.0 डिग्री सेल्सियस,न्यूनतम 10.6 डिग्री सेल्सियस

  • 31 दिसंबर को अधिकतम 24.7 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 11.0 डिग्री सेल्सियस

  • 30 दिसंबर को अधिकतम 28.3 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 11.8 डिग्री सेल्सियस

  • 29 दिसंबर को अधिकतम 28.9 डिग्री सेल्सियस,न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सियस

  • 28 दिसंबर को अधिकतम 24.7 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 10.0 डिग्री सेल्सियस

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co