कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन को दी मंजूरी: अनुराग ठाकुर
दिल्ली, भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज 4 जनवरी को कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बैठक के दौरान क्या-क्या निर्णय लिए, इस बारे में जानकारी को साझा किया है।
आज नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी :
केंद्रीय कैबिनेट की बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया- PM मोदी के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। आज नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी। भारत ग्रीन हाइड्रोजन का ग्लोबल हब बनेगा। प्रतिवर्ष 50 लाख टन ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन होगा।
योजना के तहत 2030 तक सालाना 50 लाख टन हरित हाइड्रोजन का उत्पादन किया जाएगा। क्रेता-विक्रेताओं को एक छत के नीचे लाने के लिए हरित हाइड्रोजन केंद्र विकसित किया जाएगा। देश में इलेक्ट्रोलाइजर विनिर्माण को लेकर पांच साल के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा। 60-100 मेगावाट की इलेक्ट्रोलाइजर क्षमता को तैयार किया जाएगा। इलेक्ट्रोलाइजर की मैन्युफैक्चरिंग और ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन पर 17,490 करोड़ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ग्रीन हाइड्रोजन के हब को विकसित करने के लिए 400 करोड़ का प्रावधान किया है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर
इस मिशन से 8 लाख करोड़ रुपए का सीधा निवेश होगा :
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आगे यह भी बताया कि, "नेशनल ग्रीन हाइड्रोजन मिशन के लिए 19,744 करोड़ रुपए की मंजूरी आज दी गई है। इस मिशन से 8 लाख करोड़ रुपए का सीधा निवेश होगा। 6 लाख नौकरियां इससे मिलेंगी। 50 मिलियन टन ग्रीन हाउस उत्सर्जन को कम किया जाएगा।"
सुन्नी बांध हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट हिमाचल प्रदेश के लिए मंजूर :
उन्होंने बताया कि, 382 मेगावाट के सुन्नी बांध हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट हिमाचल प्रदेश के लिए मंजूर किया गया है। 2,614 करोड़ रुपए की लागत इसमें आएगी। ये सतलुज नदी पर बनेगा।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।