त्रिपुरा और नगालैंड में भाजपा आगे, मेघालय में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी टीएमसी
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्व के तीन राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में आज सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हो गई है। उत्तर पूर्व के इन तीनों ही राज्यों में विधानसभा की 60 सीटें हैं। त्रिपुरा में 16 फरवरी को 60 सीटों के लिए चुनाव कराए गए थे, जबकि मेघालय और नगालैंड में 59-59 सीटों के लिए 27 फरवरी को मतदान कराया गया था। शुरुआती मतगणना में त्रिपुरा में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। यहां भाजपा करीब 40 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि लेफ्ट 10 सीटों पर आगे है।
नगालैंड में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। यहां शुरुआती स्थिति में भाजपा 60 में से 50 सीटों पर आगे चल रही है। एनपीएफ को यहां 6 सीटें मिल रही हैं, जबकि कांग्रेस एक सीट पर आगे है। तीन पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। इन दोनों राज्यों से मेघालय की स्थिति अलग दिखाई दे रही है। मेघालय मे एनपीपी और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। मेघालय में एनपीपी 20 सीटों पर आगे चल रही है तो टीएमसी 16 सीटों पर आगे है।
त्रिपुरा के शुरुआती रुझानों में भाजपा बहुमत के करीब
सुबह आठ बजे शुरु हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है। अब तक हुई मतगणना के अनुसार भाजपा प्रत्याशियों ने राज्य की 29 सीटों पर बढ़त कायम कर रखी है। जबकि 18 सीटों पर लेफ्ट के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। ममता बैनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमपी) 13 विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है।
मेघालय में 20 सीटों पर टीएमसी प्रत्याशी आगे
मेघालय के शुरुआती रुझानों में बड़ा उलटफेर होता दिखाई दे रहा है। मेघालय राज्य में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है। टीएमसी प्रत्याशी राज्य विधानसभा की 20 सीटों पर आगे चल रहे हैं, जबकि एनपीपी प्रत्याशियों की केवल 16 सीटों पर बढ़त कायम है। इसके अलावा, भाजपा प्रत्याशी 12 विधानसभा सीटों पर आगे चल रहे हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से अब तक केवल एक रुझान सामने आया है। मेघालय में टीएमसी को एक सीट पर बढ़त मिली है।
नगालैंड में 51 सीटों पर भाजपा को मिली बढ़त
नगालैंड की 60 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई मतगणना जारी है। नगालैंड में शुरुआती मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती दिख रही है। अब तक हुई मतगणना में 51 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। इसके अलावा एनपीएफ के 8 प्रत्याशी और कांग्रेस का एक प्रत्याशी अपनी-अपनी सीटों पर आगे चल रहे हैं।
आइए देखें, क्या है सियासी दिग्गजों के हाल
मौजूदा मुख्यमंत्री और एनडीपीपी प्रत्याशी नेफ्यू रियो शुरुआती रुझानों में उत्तरी अंगामी-द्वितीय विधानसभा क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। वोटों की गिनती जारी है। त्रिपुरा की धनपुर सीट से भाजपा की प्रतिमा भौमिक आगे चल रही हैं। यह विधानसभा सीट लेफ्ट का गढ़ मानी जाती है। मेघालय से बड़ी खबर है कि राज्य के सीएम और एनपीपी नेता कोनराड संगमा शुरुआती रुझानों में अपनी सीट पर पिछड़ गए हैं। त्रिपुरा के सीएम और भाजपा प्रत्याशी माणिक साहा टाउन बोरदोवली सीट से आगे चल रहे हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।