UP: लैंको पावर प्लांट में बड़ी दुर्घटना पर एक्शन में योगी- दिए ये निर्देश
उत्तर प्रदेश, भारत। देश में कोरोना के संकटकाल में अनहोनी की खबरें बिल्कुल रूक नहीं रही है। आए दिन किसी न किसी जगह पर हादसे व दुर्घटनाएं हो रही हैं। अब उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में आज रविवार सुबह बड़ा हादसा हुआ है। दरअसल, यहां 1200 मेगावाट की अनपरा सी लैंको परियोजना में अचानक बॉयलर का भाड़ा (शटरिंग) गिर गया।
सोनभद्र जिले में हुए इस दुर्घटना में किसी की जान तो नहीं गई, लेकिन 13 मजदूर गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि हुई है। अचानक बॉयलर का भाड़ा (शटरिंग) गिरने के बाद हड़कंप मच गया है। तो वहीं, दुर्घटना में घायलों को तत्काल अनपरा परियोजना अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 5 की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें सीमावर्ती मध्य प्रदेश के जयंत में स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पॉवर प्लांट में काम कर रहे 13 मजदूर घायल :
UP सोनभद्र के एसपी ने बताया- सोनभद्र के अनपरा में आज सुबह LANCO थर्मल पावर प्लांट में आज सुबह रखरखाव कार्य के दौरान टिन शेड गिरने की वजह से पॉवर प्लांट में काम कर रहे 13 मज़दूर घायल हो गए, जिसमें से 5 को ज़्यादा चोटें आई हैं, उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और 8 मज़दूरों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। प्लांट में कोई मज़दूर नहीं फंसा हुआ है।
घायलों के लिए समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश :
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सोनभद्र में लैंको कंपनी के थर्मल पावर प्लांट में हुई दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को तत्काल राहत कार्य संचालित करने और घायलों के लिए समुचित इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा को दुर्घटना की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, अनपरा क्षेत्र में स्थित लैंको पावर परियोजना में तड़के 600 मेगावाट की यूनिट नंबर 2 में मेंटेनेंस का कार्य हो रहा था और यूनिट को शटडाउन किया गया था। मेंटेनेंस कार्य के दौरान बॉयलर का ढांचा भरभरा कर गिर गया। इस दुर्घटना में संविदा कम्पनी मेसर्स मालती इंटरप्राइजेज और मेसर्स पावर मेक प्रोजेक्ट लिमिटेड के 13 श्रमिक घायल हो गए।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।