दिल्ली BJP दफ्तर में बिहार की जीत का जश्‍न-PM ने संबोधन में कहीं ये बातें..

दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर बिहार की जीत का जश्न का माहौल है और इस जश्‍न में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह समेत कई नेता पहुंचे हैं।
दिल्ली BJP दफ्तर में बिहार की जीत का जश्‍न-PM ने संबोधन में कही ये बातें...
दिल्ली BJP दफ्तर में बिहार की जीत का जश्‍न-PM ने संबोधन में कही ये बातें...Priyanka Sahu -RE

दिल्‍ली, भारत। बिहार चुनाव परिणाम के बाद से NDA के दल में खुशी की लहर है और राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली में बिहार की जीत का जाेरदार जश्न मनाया जा रहा है और इस जश्‍न में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हैं।

कई दिग्गज नेता पहुंचे बीजेपी मुख्यालय :

दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में जीत के इस जश्न में शामिल होने के लिए पार्टी के कई दिग्गज नेता बीजेपी मुख्यालय पहुंचे हैं। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पार्टी मुख्यालय पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में PM मोदी भी बीजेपी मुख्यालय पहुंचेंगे। इसके अलावा पार्टी के कई दिग्गज नेता बीजेपी मुख्यालय पहुंचे हैं।

बीजेपी मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी मुख्यालय पहुंच गए हैं और अब वे पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

बीजेपी कार्यकर्ताओं से बोले जेपी नड्डा:

नई दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी के कार्यकार्ताओं को संबोधित कर रहे है। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं से जेपी नड्डा ने कहा- मैं लाखों करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री जी का अभिनंदन करता हूं। उन्होंने जो अथक प्रयास देश और समाज को आगे बढ़ाने के लिए किया है, वह सच में देश को एक नई दृष्टि और दिशा देने वाला है।

जनता ने PM मोदी के काम पर लगाई मुहर :

कल सम्पन्न हुआ चुनाव केवल बिहार के चुनाव नहीं थे, ये लद्दाख से लेकर तेलंगाना और कर्नाटक, गुजरात और मध्यप्रदेश से लेकर मणिपुर तक के उपचुनाव भी थे। इन चुनावों में बिहार समेत जिस तरह की जीत भारत की और बिहार की जनता ने दी है, उसके लिए कोटि कोटि धन्यवाद। जहां-जहां भी चुनाव थे, वहां की जनता ने एक स्वर से कमल के निशान पर मोहर लगाकर आदरणीय मोदी जी के काम पर मोहर लगाई।

जेपी नड्डा

PM मोदी का संबोधन शुरू :

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। PM मोदी ने अपने संबोधन में सबसे पहले कहा- मैं आज आभार व्यक्त करता हूं महान देश की महान जनता का। मैं आज धन्यवाद अर्पित करता हूं देश के कोटि-कोटि नागरिकों का। धन्यवाद इसलिए नहीं कि उन्होंने चुनावों में भाजपा को इतनी बड़ी सफलता दी है, इसके तो वो हकदार हैं ही। धन्यवाद इसलिए क्योंकि लोकतंत्र के इस महान पर्व को हम सभी ने मिलकर बहुत उत्साह से मनाया है।

कोरोना काल में चुनाव कराना आसान नहीं :

PM मोदी ने कहा- चुनाव भले ही कुछ सीटों और कुछ क्षेत्रों पर हुआ हो लेकिन कल सुबह से लेकर देर रात तक पूरे देश की नजरें टीवी, सोशल मीडिया और चुनाव आयोग की वेबसाइट पर थीं। लोकतंत्र के प्रति हम भारतीयों की जो आस्था है उसकी मिशाल पूरी दुनिया में कहीं नहीं मिलती। चुनाव नतीजों में हार-जीत अपनी जगह है, लेकिन चुनाव की ये प्रक्रिया ही हर भारतीय के लिए गौरव का विषय है। कोरोना के इस संकट काल में ये चुनाव कराना आसान नहीं था। लेकिन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं इतनी सशक्त हैं, पारदर्शी हैं, कि इस संकट के बीच भी उन्होंने इतना बड़ा चुनाव कराकर दुनिया को भी भारत के ताकत की पहचान करा दी है

इन चुनाव परिणामों में भाजपा को NDA को अपार जनसमर्थन मिला है। इसके लिए भाजपा, NDA के लाखों कार्यकर्ता भाइयों-बहनों को जितनी बधाई दूं उतनी कम है। मैं हर कार्यकर्ता और उनके परिवार जनों को हृदय से बधाई देता हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नड्डा जी की कुशलता और प्रभावी रणनीति का परिणाम :

PM मोदी ने कहा, "ये चुनावी नतीजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा जी की कुशलता और प्रभावी रणनीति का भी परिणाम है। कल जो चुनाव नतीजे आए, उसका निहितार्थ बहुत गहरा है, उसके मायने बहुत बड़े हैं। लोकसभा चुनाव में जो नतीजे आए थे, ये उसका और व्यापक विस्तार है। भारतीय जनता पार्टी पूर्व में जीती, मणिपुर में कमल का झंडा फहरा दिया। भारतीय जनता पार्टी पश्चिम में जीती, गुजरात में जीती। भाजपा को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में विजय प्राप्त हुई और भाजपा को दक्षिण में कर्नाटका-तेलंगाना में सफलता मिली।"

PM मोदी के संबोधन में प्रमुख बातें :

  • 21वीं सदी के भारत के नागरिक, बार-बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ ईमानदारी से काम करेगा। हर राजनीतिक दल से देश के लोगों की यही अपेक्षा है कि देश के लिए काम करो, देश के काम से मतलब रखो।

  • देश का विकास, राज्य का विकास, आज सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी यही चुनाव का आधार रहने वाला है। जो लोग ये नहीं समझ रहे, इस बार भी उनकी जगह-जगह जमानत जब्त हो गयी है।

  • आज देश, भारतीय जनता पार्टी पर जो स्नेह दिखा रहा है, एनडीए पर जो स्नेह दिखा रहा है उसकी सबसे बड़ी वजह यही है कि भाजपा ने, एनडीए ने देश के विकास को, लोगों के विकास को अपना सर्वोपरि लक्ष्य बनाया हुआ है। हम हर वो काम करेंगे जो देश को आगे ले जाए।

  • आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसमें गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, अपना प्रतिनिधित्व देखते हैं। आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझती है, उनके लिए काम कर रही है।

  • ये भाजपा ही है जिसके लिए जनता जनार्दन का स्नेह बढ़ता ही जा रहा है। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने पहले से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार में अपनी वापसी की। बिहार में 3 बार सरकार में रहने के बाद भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जिसकी सीटों में बढ़ोतरी हुई।

  • भाजपा की सफलता के पीछे उसका governance मॉडल है। जब लोग governance के बारे में सोचते हैं, तो भाजपा के बारे में सोचते हैं। भाजपा सरकारों की पहचान ही है - Good Governance.

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com