दिल्ली: आप का आरोप- CM अरविंद केजरीवाल घर में नजरबंद
दिल्ली, भारत। देश की राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन जारी है और किसानों ने कानून के खिलाफ आज यानी मंगलवार (8 दिसंबर) को एक दिन के लिए 'भारत बंद' किया है। इसी बीच दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है कि, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनके घर में नजरबंद कर दिया गया है।
आम आदमी पार्टी का आरोप :
दरअसल, इस बारे में आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि, दिल्ली पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की मदद से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर में ही नजरबंद कर दिया है। कल CM अरविंद केजरीवाल के सिंघु बॉर्डर से लौटने के बाद से ही नज़रबंदी जैसे हालात बनाए गए हैं। इस बारे में आम आदमी पार्टी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है।
आप ने ट्वीट कर दी जानकारी :
आम आदमी पार्टी (AAP) के ट्विटर अकाउंट से इस खबर की जानकारी देते हुए ट्वीट में लिखा- दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर पर नज़रबंद किया है, मुख्यमंत्री कल जब सिंघु बॉर्डर गए थे तभी से उन्हें नज़रबंद किया हुआ है। किसी को भी अपने निवास छोड़ने या प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।
#BJPHouseArrestsKejriwal हैशटैग ट्रेंड :
दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल के घर में नजरबंद की बात सामने आते ही सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म Twitter पर #BJPHouseArrestsKejriwal हैशटैग ट्रेंड हो रहा है।
CM केजरीवाल के घर के बाहर धरना :
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता, सांसद प्रवेश वर्मा और तीनों नगर निगम मेयर धरने पर बैठ गए हैं। आप का कहना है- गृह मंत्रालय के आदेश पर पुलिस ने दिल्ली नगर निगम के तीनों मेयरों को मुख्यमंत्री के घर के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बिठा दिया है और इसका बहाना बनाकर पुलिस ने मुख्यमंत्री के घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी है, जिससे ना केजरीवाल से कोई मिलने आ सकता है और ना वो कहीं बाहर जा सकते हैं।
इसके अलावा ये बात भी सामने आई है कि, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी सभी बैठकों को भी रद्द कर दिया है।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।