शिवपाल साइकिल के साथ ही उतरेंगे जसवंतनगर में
शिवपाल साइकिल के साथ ही उतरेंगे जसवंतनगर मेंSocial Media

UP Election 2022 : शिवपाल साइकिल के साथ ही उतरेंगे जसवंतनगर में

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव अपनी परंपरागत सीट जसवंतनगर से विधानसभा का चुनाव साइकिल के निशान पर लड़ेंगे।

इटावा। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव अपनी परंपरागत सीट जसवंतनगर से विधानसभा का चुनाव साइकिल के निशान पर लड़ेंगे।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के जिलाध्यक्ष सुनील यादव ने शनिवार को शिवपाल के जसवंतनगर विधानसभा से चुनाव मैदान में उतरने की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रसपा मुखिया अपनी परंपरागत सीट जसवंतनगर से गठबंधन के तहत सपा के सिंबल साइकिल से चुनाव मैदान में उतरेंगे। शिवपाल जसवंतनगर विधानसभा सीट से 1996 से लगातार विधायक बने हुए है। उनको आज सपा का चुनाव चिन्ह और एबी फार्म आवंटित कर दिया गया है।

इसके साथ ही शिवपाल के जसवंतनगर से चुनाव मैदान में उतरने का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। इससे पहले प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के स्थान पर उनके बेटे आदित्य यादव के जसवंत नगर से चुनाव मैदान में उतरने की अटकलें लगाई जा रही थी लेकिन बदली हुई परिस्थितियों में शिवपाल को एक बार फिर से इस सीट से चुनाव मैदान में उतरना पड़ रहा है।

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के अनुज शिवपाल जसवंतनगर सीट से पांच बार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं जबकि मुलायम ने इस सीट से सात बार जीत हासिल की है। अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि समाजवादी पार्टी शिवपाल यादव की पार्टी के कितने सदस्यों को टिकट देगी।

गौरतलब है कि शिवपाल सिंह यादव और अखिलेश यादव में 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद मतभेद पैदा हो गए थे। इसके बाद अखिलेश ने चाचा शिवपाल को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था हालांकि 2017 का विधानसभा चुनाव शिवपाल जसवंतनगर विधानसभा सीट से ही सपा के टिकट पर जीते थे। बाद में उन्होंने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के नाम से अपनी अलग पार्टी बना ली थी। पिछले साल शिवपाल यादव ने प्रदेश के अधिकांश इलाकों का दौरा किया लेकिन बाद में वो समाजवादी पार्टी के साथ चुनावी समझौते की बात करने लगे।

शिवपाल कई बार कह चुके हैं कि समाजवादी पार्टी और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ने जा रही है। उन्होंने कहा कि टिकटों का फैसला अखिलेश यादव पर छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह समाजवादी पार्टी के चुनाव निशान साइकिल पर ही अपने उम्मीदवार उतारेंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com