स्वतंत्रता दिवस: लाल किले पर PM ने फहराया तिरंगा-भाषण में कहीं ये बातें

स्वतंत्रता दिवस: प्रधानमंत्री मोदी ने आज प्रतिष्ठित स्मारक की प्राचीर पर 74वें स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया और आज 7वीं बार लाल किले से राष्ट्र को संबोधित किया। जानें उनके भाषण की प्रमुख बातें...
स्वतंत्रता दिवस:लाल किले पर PM ने फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस:लाल किले पर PM ने फहराया तिरंगा Priyanka Sahu -RE

हाइलाइट्स :

  • देश में 74वें स्वतंत्रता दिवस पर्व का जश्‍न

  • PM मोदी ने ऐतिहासिक लाल किले पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज

  • PM ने लाल किले पर 7वीं बार तिरंगा फहराकर बनाया नया रिकॉर्ड

  • राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद PM मोदी ने राष्ट्र को किया संबोधित

  • प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से दिया अपना 7वां भाषण

स्वतंत्रता दिवस 2020 : दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत आज अपना 74वां स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) मना रहा है। इस मौके पर पूरेे देश में 'स्वतंत्रता दिवस' का जश्न है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिष्ठित स्मारक की प्राचीर लाल किले से सुबह 7:30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज को सलाम करते हुए उन्होंने देश को नमन किया।

पीएम मोदी ने लाल किले पर 7वीं बार तिरंगा फहराकर नया रिकॉर्ड बनाया, वे सबसे ज्यादा बार तिरंगा फहराने वाले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बन गए हैं।

देश को किया संबोधित :

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने 7वीं बार लाल किले से देश को संबोधित किया है। 74वें स्वतंत्रता दिवस के पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबांधन में कई बड़ी व अहम बाते कही है, जो आप यहां देख सकते है कि, आज उन्‍होंने अपनेे भाषण में किन बातों का जिक्र किया।

कोरोना वॉरियर्स को किया नमन :

राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, मेरे प्यारे देशवासियों इस पावन पर्व पर, आप सभी को बधाई और बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आज जो हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे मां भारती के लाखों बेटे-बेटियों का त्याग, बलिदान और मां भारती को आजाद कराने के लिए समर्पण है। आज ऐसे सभी स्वतंत्रता सेनानियों को वीर शहीदों को नमन करने का ये पर्व है, कोरोना के इस असाधारण समय में, सेवा परमो धर्म: की भावना के साथ अपने जीवन की परवाह किए बिना हमारे डॉक्टर्स, नर्से, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस कर्मी, सफाई कर्मचारी, पुलिसकर्मी, सेवाकर्मी, अनेकों लोग, चौबीसों घंटे लगातार काम कर रहे हैं। ऐसे सभी कोरोना वॉरियर्स को भी मैं आज नमन करता हूं। अगले वर्ष हम अपनी आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश कर जाएंगे। एक बहुत बड़ा पर्व हमारे सामने है।

आजादी का पर्व हमारे लिए आजादी के वीरों को याद करके नए संकल्पों की ऊर्जा का एक अवसर होता है, ये हमारे लिए नई उमंग, उत्साह और प्रेरणा लेकर आता है। अगला आजादी का पर्व जब हम मनाएंगे, तो आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश करेंगे, तो ये हमारे लिए बहुत बड़ा अवसर है। गुलामी का कोई कालखंड ऐसा नहीं था, जब हिंदुस्तान में किसी कोने में आजादी के लिए प्रयास नहीं हुआ हो, प्राण-अर्पण नहीं हुआ हो, एक प्रकार से जवानी जेलों में खपा दी, ऐसे वीरों को हम नमन करते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

कोराेेना वैक्सीन्स की दी खुशखबरी :

इस दौरान PM मोदी ने देश को कोराेेना वैक्सीन्स की खुशखबरी भी दी। उन्‍होंने कहा, आज भारत में कोराना की एक नहीं, दो नहीं, तीन-तीन वैक्सीन्स इस समय टेस्टिंग के चरण में हैं। जैसे ही वैज्ञानिकों से हरी झंडी मिलेगी, देश की तैयारी उन वैक्सीन्स की बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन की भी है। देश के हर जरूरतमंद तक कम समय वैक्सीन को पहुंचाने की रूपरेखा भी तैयार है।

पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें :

  • विस्तारवाद की सोच ने सिर्फ कुछ देशों को गुलाम बनाकर ही नहीं छोड़ा, बात वहीं पर खत्म नहीं हुई। भीषण युद्धों और भयानकता के बीच भी भारत ने आजादी की जंग में कमी और नमी नहीं आने दी।

  • आखिर कब तक हमारे ही देश से गया कच्चा माल, फिनिश्ड प्रोडक्ट बनकर भारत में लौटता रहेगा। कोरोना महामारी के बीच 130 करोड़ भारतीयों ने आत्मनिर्भर भारत बनाने का संकल्प लिया है, हमें पूरा भरोसा है कि भारत इस सपने को चरितार्थ करके रहेगा। मुझे अपने देश के सामर्थ्य पर विश्वास है।

  • एक समय था, जब हमारी कृषि व्यवस्था बहुत पिछड़ी हुई थी। तब सबसे बड़ी चिंता थी कि देशवासियों का पेट कैसे भरें। आज हम सिर्फ भारत ही नहीं, दुनिया के कई देशों का पेट भर सकते हैं।

  • आत्मनिर्भर भारत का मतलब सिर्फ आयात कम करना ही नहीं, हमारी क्षमता, हमारी क्रिएटिविटी, हमारी स्किल्स को बढ़ाना भी है।

  • सिर्फ कुछ महीना पहले तक N-95 मास्क, PPE किट, वेंटिलेटर ये सब हम विदेशों से मंगाते थे। आज इन सभी में भारत, न सिर्फ अपनी जरूरतें खुद पूरी कर रहा है, बल्कि दूसरे देशों की मदद के लिए भी आगे आया है।

  • कौन सोच सकता था कि कभी देश में गरीबों के जनधन खातों में हजारों-लाखों करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर हो पाएंगे? कौन सोच सकता था कि किसानों की भलाई के लिए APMC एक्ट में इतने बड़े बदलाव हो जाएंगे।

  • 'वोकल फॉर लोकल' को बनाएं जीवन मंत्र।

  • वन नेशन- वन टैक्स, Insolvency और Bankruptcy Code बैंकों का Merger, आज देश की सच्चाई है।

  • इस शक्ति को, इन रिफॉर्म्स और उससे निकले परिणामों को देख रही है। बीते वर्ष, भारत में FDI ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भारत में FDI में 18% की बढ़ोतरी हुई है। ये विश्वास ऐसे ही नहीं आता है।

  • आज दुनिया की बहुत बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत का रुख कर रही हैं। हमें Make in India के साथ-साथ Make for World के मंत्र के साथ आगे बढ़ना है।

  • इंफ्रास्ट्रक्चर पर देश 100 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अलग-अलग सेक्टर्स के लगभग 7 हजार प्रोजेक्ट्स को identify भी किया जा चुका है। ये एक तरह से इंफ्रास्ट्रक्चर में एक नई क्रांति की तरह होगा।

  • 7 करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर दिए गए, राशनकार्ड हो या न हो, 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त अन्न की व्यवस्था की गई, बैंक खातों में करीब-करीब 90 हजार करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए।

  • कुछ वर्ष पहले तक ये सब कल्पना भी नहीं की जा सकती थी कि इतना सारा काम, बिना किसी लीकेज के हो जाएगा, गरीब के हाथ में सीधे पैसा पहुंच जाएगा।अपने इन साथियों को अपने गांव में ही रोजगार देने के लिए गरीब कल्याण रोजगार अभियान भी शुरू किया गया है।

  • वोकल फॉर लोकल, Re-Skill और Up-Skill का अभियान, गरीबी की रेखा के नीचे रहने वालों के जीवनस्तर में आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था का संचार करेगा।

  • जल जीवन मिशन की पिछले साल यहां घोषणा की थी। नल से जल हमारे देशवासियों को मिलना चाहिए। आज मुझे संतोष है कि प्रतिदिन हम एक लाख से ज्यादा घरों में जल पहुंचा रहे हैं पाइप से। पिछले एक साल में दो करोड़ परिवारों तक हम जल पहुंचाने में सफल हुए हैं। जंगलों में दूर-दूर तक रहने वाले आदिवासियों तक यह अभियान चल रहा है।

  • मध्यमवर्ग को सरकारी दखलअंदाजी से मुक्ति चाहिए। हमारी सरकार मध्यमवर्ग के सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रही है। मध्यमवर्ग मिरिकल करने की ताकत रखता है।

  • भारत सरकार ने 25 हजार करोड़ का फंड बनाकर आधे-अधूरे घर को पूरा करने की व्यवस्था की है।

  • ये भी पहली बार हुआ है जब अपने घर के लिए होम लोन की EMI पर भुगतान अवधि के दौरान 6 लाख रुपए तक की छूट मिल रही है। अभी पिछले वर्ष ही हजारों अधूरे घरों को पूरा करने के लिए 25 हजार करोड़ रुपए के फंड की स्थापना हुई है।

  • एक आम भारतीय की शक्ति, उसकी ऊर्जा, आत्मनिर्भर भारत अभियान का बहुत बड़ा आधार है। इस ताकत को बनाए रखने के लिए हर स्तर पर, निरंतर काम हो रहा है।

  • आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में, आधुनिक भारत के निर्माण में, नए भारत के निर्माण में, समृद्ध और खुशहाल भारत के निर्माण में, देश की शिक्षा का बहुत बड़ा महत्व है। इसी सोच के साथ देश को एक नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति मिली है।

  • कोरोना के समय में हमने देख लिया है कि डिजिटल भारत अभियान की क्या भूमिका रही है। अभी पिछले महीने ही करीब-करीब 3 लाख करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन अकेले BHIM UPI से हुआ है।

  • साल 2014 से पहले देश की सिर्फ 5 दर्जन पंचायतें ऑप्टिल फाइबर से जुड़ी थीं। बीते पांच साल में देश में डेढ़ लाख ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा गया है।

  • आने वाले एक हजार दिन में इस लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। आने वाले 1000 दिन में देश के हर गांव को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा।

  • आज से देश में एक और बहुत बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है, ये है नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन। नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन, भारत के हेल्थ सेक्टर में नई क्रांति लेकर आएगा। आपके हर टेस्ट, हर बीमारी, आपको किस डॉक्टर ने कौन सी दवा दी, कब दी, आपकी रिपोर्ट्स क्या थीं, ये सारी जानकारी इसी एक हेल्थ आईडी में समाहित होगी।

  • चीन-पाकिस्तान पर नाम लिए बिना इशारो-इशारों में निशाना साधते हुए PM मोदी ने कहा- LOC से लेकर LAC तक, देश की संप्रभुता पर जिस किसी ने आँख उठाई है, देश ने, देश की सेना ने उसका उसी भाषा में जवाब दिया है।

  • भारत की संप्रभुता का सम्मान हमारे लिए सर्वोच्च है। इस संकल्प के लिए हमारे वीर जवान क्या कर सकते हैं, देश क्या कर सकता है, ये लद्दाख में दुनिया ने देखा है।

  • दक्षिण एशिया में दुनिया की एक चौथाई जनसंख्या रहती है। हम सहयोग और सहभागिता से इतनी बड़ी जनसंख्या के विकास और समृद्धि की अनगिनत संभावनाएं पैदा कर सकते हैं। इस क्षेत्र के देशों के सभी नेताओं की इस विशाल जन समूह के विकास और प्रगति की ओर एक अहम जिम्मेदारी है।

  • आज पड़ोसी सिर्फ वो ही नहीं हैं जिनसे हमारी भौगोलिक सीमाएं मिलती हैं बल्कि वे भी हैं जिनसे हमारे दिल मिलते हैं। जहां रिश्तों में समरसता होती है, मेल जोल रहता है।

  • इनसे से कई देशों में बहुत बड़ी संख्या में भारतीय काम करते हैं। जिस प्रकार इन देशों ने कोरोना संकट के समय भारतीयों की मदद की, भारत सरकार के अनुरोध का सम्मान किया, उसके लिए भारत उनका आभारी है।

  • इसी प्रकार हमारे पूर्व के ASEAN देश, जो हमारे maritime पड़ोसी भी हैं, वो भी हमारे लिए बहुत विशेष महत्व रखते हैं। इनके साथ भारत का हज़ारों वर्ष पुराना धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध है। बौद्ध धर्म की परम्पराएं भी हमें उनसे जोड़ती हैं।

  • अब NCC का विस्तार देश के 173 बॉर्डर और कोस्टल डिस्ट्रिक्ट तक सुनिश्चित किया जाएगा। इस अभियान के तहत करीब 1 लाख नए NCC Cadets को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें भी करीब एक तिहाई बेटियों को ये स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी।

  • बीते वर्ष मैंने यहीं लाल किले से कहा था कि पिछले पाँच साल देश की अपेक्षाओं के लिए थे, और आने वाले पाँच साल देश की आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए होंगे।बीते एक साल में ही देश ने ऐसे अनेकों महत्वपूर्ण फैसले लिए, अनेकों महत्वपूर्ण पड़ाव पार किए।

  • 21वीं सदी के इस दशक में अब भारत को नई नीति और नई रीति के साथ ही आगे बढ़ना होगा। अब साधारण से काम नहीं चलेगा।

  • हमारी पॉलिसीज, हमारे प्रोसेस, हमारे प्रोडक्ट्स, सब कुछ बेस्ट होना चाहिए, सर्वश्रेष्ठ होना चाहिए। तभी हम एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार कर पाएंगे।

  • आज भारत ने असाधारण समय में असंभव को संभव किया है। इसी इच्छाशक्ति के साथ प्रत्येक भारतीय को आगे बढ़ना है। वर्ष 2022, हमारी आजादी के 75 वर्ष का पर्व, अब बस आ ही गया है।

PM मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "राम जन्मभूमि के सदियों पुराने विषय का शांतिपूर्ण समाधान हो चुका है। देश के लोगों से जिस संयम के साथ और समझदारी के साथ आचरण किया है और व्यवहार किया है यह अभूतपूर्व है। यह आगे प्रेरणा की ताकत है। शांति, एकता और सदभावना भारत के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। विकास के इस महायज्ञ में हर हिंदुस्तानी को अपनी कुछ न कुछ आहूति देनी है। इस दशक में भारत नई रीति और नई नीति से आगे बढ़ेगा। अब होती है और चलती का वक्त चला गया। हम दुनिया में किसी से कम नहीं हम सबसे ऊपर रहने का प्रयास करेंगे।"

ऐतिहासिक लाल किले पर PM मोदी के 74वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का वीडियो-

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com