Mann Ki Baat: PM मोदी के मन की बात का 74वां एपिसोड, जानें क्‍या कहा खास

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री मोदी आज 28 फरवरी को साप्‍ताहिक प्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित कर रहे हैं, जानें मन की बात में आज क्‍या खास बात कह रहे PM मोदी...
PM मोदी के मन की बात का 74वां एपिसोड
PM मोदी के मन की बात का 74वां एपिसोडPriyanka Sahu -RE

Mann Ki Baat: साल 2021 में आज फरवरी माह का आखिरी रविवार है और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर माह के आखिरी रविवार को अपने साप्‍ताहिक प्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित कर रहे हैं। आज उनके मन की बात कार्यक्रम का 74वां संस्‍करण है।

माघ पूर्णिमा के पर्व पर बोले PM :

मन की बात में PM मोदी ने कहा- कल माघ पूर्णिमा का पर्व था। माघ महीना विशेष रूप से नदियों, सरोवरों और जलस्रोतों से जुड़ा हुआ माना जाता है। माघ महीने में किसी भी पवित्र जलाशय में स्नान को पवित्र माना जाता है। दुनिया के हर समाज में नदी के साथ जुड़ी हुई कोई न कोई परंपरा होती ही है। नदी तट पर अनेक सभ्‍यताएं भी विकसित हुई हैं। हमारी संस्‍कृति क्‍योंकि हजारों वर्ष पुरानी है, इसलिए इसका विस्‍तार हमारे यहां और ज्‍यादा मिलता है।

भारत में कोई ऐसा दिन नहीं होगा जब देश के किसी न किसी कोने में पानी से जुड़ा कोई उत्‍सव न हो। माघ के दिनों में तो लोग अपना घर-परिवार, सुख-सुविधा छोड़कर पूरे महीने नदियों के किनारे कल्‍पवास करने जाते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

हरिद्वार में कुंभ पर PM मोदी की मन की बात :

प्रधानमंत्री ने बताया, ''इस बार हरिद्वार में कुंभ भी हो रहा है। जल हमारे लिए जीवन भी है, आस्था भी है और विकास की धारा भी है। पानी एक तरह से पारस से भी ज्यादा महत्वपूर्ण है। कहा जाता है पारस के स्पर्श से लोहा, सोने में परिवर्तित हो जाता है। वैसे ही पानी का स्पर्श जीवन के लिए जरूरी है।''

संत रविदास के बारे में PM मोदी की मन की बात-

  • मेरे प्यारे देशवासियों, जब भी माघ महीने और इसके आध्यात्मिक सामाजिक महत्त्व की चर्चा होती है तो ये चर्चा एक नाम के बिना पूरी नहीं होती। ये नाम है संत रविदास जी का। माघ पूर्णिमा के दिन ही संत रविदास जी की जयंती भी होती है।

  • रविदास जी कहते थे- करम बंधन में बन्ध रहियो, फल की ना तज्जियो आस। कर्म मानुष का धर्म है, सत् भाखै रविदास।। अर्थात हमें निरंतर अपना कर्म करते रहना चाहिए, फिर फल तो मिलेगा ही मिलेगा, कर्म से सिद्धि तो होती ही होती है।

  • संत रविदास जी ने समाज में व्याप्त विकृतियों पर हमेशा खुलकर अपनी बात कही। उन्होंने इन विकृतियों को समाज के सामने रखा। उसे सुधारने की राह दिखाई। तभी तो मीरा जी ने कहा था- "गुरु मिलिया रैदास, दीन्हीं ज्ञान की गुटकी।"

  • हम अपने सपनों के लिए किसी दूसरे पर निर्भर रहें, ये बिल्‍कुल ठीक नहीं है। जो जैसा है वो वैसा चलता रहे, रविदास जी कभी भी इसके पक्ष में नहीं थे। आज हम देखते हैं कि देश का युवा भी इस सोच के पक्ष में बिल्‍कुल नहीं हैं।

आज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस :

मन की बात में PM मोदी ने बताया- आज ‘National Science Day’ भी है। आज का दिन भारत के महान वैज्ञानिक, डॉक्टर सी.वी. रमन जी द्वारा की गई ‘Raman Effect’ खोज को समर्पित है। केरल से योगेश्वरन जी ने NamoApp पर लिखा है कि Raman Effect की खोज ने पूरी विज्ञान की दिशा को बदल दिया था। जब हम science की बात करते हैं तो कई बार इसे लोग physics-chemistry या फिर labs तक ही सीमित कर देते हैं, लेकिन science का विस्तार इससे कहीं ज्यादा है और ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ में science की शक्ति का बहुत योगदान है।

हैदराबाद के चिंतला वेंकट रेड्डी जी के एक डॉक्टर मित्र ने उन्हें एक बार विटामिन-डी की कमी होने वाली बीमारीयां और इसके खतरे के बारे में बताया। रेड्डी जी किसान हैं, उन्होंने मेहनत की और गेहूं-चावल की ऐसी प्रजातियां विकसित की जो खास तौर पर विटामिन-डी से युक्त है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM मोदी के मन की बात की बात प्रमुख बातें-

  • जब आसमान में हम अपने देश में बने Fighter Plane Tejas को कलाबाजिंयां खाते देखते हैं, तब भारत में बने टैंक, मिसाइलें हमारा गौरव बढ़ाते हैं। जब हम दर्जनों देशों तक मेड इन इंडिया वैक्सीन को पहुंचाते हुए देखते हैं तो हमारा माथा और ऊंचा हो जाता है।

  • गुजरात के पाटन जिले में कामराज भाई चौधरी ने घर में ही सहजन के अच्छे बीज विकसित किए हैं। सहजन को कुछ लोग सर्गवा बोलते हैं, इसे मोंगिया या drum stick भी कहते हैं।

  • कोलकाता के रंजन जी ने अपने पत्र में बहुत ही दिलचस्प और बुनियादी सवाल पूछा है और साथ ही, बेहतरीन तरीके से उसका जवाब भी देने की कोशिश की है।

आत्म निर्भर भारत की पहली शर्त होती है- अपने देश की चीजों पर गर्व होना, अपने देश के लोगों द्वारा बनाई वस्तुओं पर गर्व होना। जब प्रत्येक देशवासी गर्व करता है, प्रत्येक देशवासी जुड़ता है, तो आत्मनिर्भर भारत सिर्फ एक आर्थिक अभियान न रहकर एक National spirit बन जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • आप हमारे मंदिरों को देखेंगे तो पाएंगे कि हर मंदिर के पास तालाब होता है। हजो में हयाग्रीव मधेब मंदिर, सोनितपुर के नागशंकर मंदिर और गुवाहाटी में उग्रतारा मंदिर के पास इस प्रकार के तालाब हैं। इनका उपयोग विलुप्त होते कछुओं की प्रजातियों को बचाने के लिए किया जा रहा है।

  • काजीरंगा नेशनल पार्क & टाइगर रिजर्व प्राधिकरण कुछ समय से वार्षिक जलभराव जनगणना करती आ रही है। इस जनगणना से जल पक्षियों की संख्या का पता चलता है और उनके पसंदीदा वास की जानकारी मिलती है।

  • ओडिशा में अराखुड़ा में एक सज्जन हैं- नायक सर। वैसे तो इनका नाम सिलू नायक है पर सब उन्हें नायक सर ही बुलाते हैं। दरअसल वे Man on a Mission हैं। वह उन युवाओं को मुफ्त में प्रशिक्षित करते हैं जो सेना में शामिल होना चाहते हैं।

  • कुछ दिन पहले हैदराबाद की अपर्णा रेड्डी जी ने मुझसे ऐसा ही एक सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि – आप इतने साल से पी.एम. हैं, इतने साल सी.एम. रहे, क्या आपको कभी लगता है कि कुछ कमी रह गई। अपर्णा जी का सवाल बहुत सहज है लेकिन उतना ही मुश्किल भी।

  • मैंने इस सवाल पर विचार किया और खुद से कहा मेरी एक कमी ये रही कि मैं दुनिया की सबसे प्राचीन भाषा – तमिल सीखने के लिए बहुत प्रयास नहीं कर पाया, मैं तमिल नहीं सीख पाया। यह एक ऐसी सुंदर भाषा है, जो दुनिया भर में लोकप्रिय है।

  • आने वाले कुछ महीने आप सब के जीवन में विशेष महत्व रखते हैं। अधिकतर युवा साथियों की परीक्षाएं होंगी। आप सबको warrior बनना है worrier नहीं। हंसते हुए परीक्षा देने जाना है और मुस्कुराते हुए लौटना है।

परीक्षा पे करेंगे चर्चा :

PM मोदी कहा- हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हम ‘परीक्षा पे चर्चा’ करेंगे। मार्च में होने वाली ‘परीक्षा पे चर्चा’ से पहले मेरी आप सभी exam warriors से, parents से, और teachers से, request है कि अपने अनुभव, अपने tips ज़रूर share करें। आप MyGov और Narendra Modi App पर share कर सकते हैं। इस कोरोना के समय में मैंने कुछ समय निकालकर exam warrior book में भी कई नए मंत्र जोड़ दिए हैं। इन मंत्रों से जुड़ी ढेर सारी इंट्रेस्टिंग एक्टीविटीज NarendraModi App पर दी हुई है जो आपके अंदर के exam warrior केा ignite करने में मदद करेंगी।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com