PM मोदी आज शाम इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का करेंगे अनावरण

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) इंडिया गेट पर, नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
PM मोदी आज शाम इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का करेंगे अनावरण
PM मोदी आज शाम इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का करेंगे अनावरणSudha Choubey - RE

आज देश में महान स्वाधीनता सेनानी एवं आजाद हिन्द फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मनाई जा रही है। हर तरफ उन्हें श्रद्धांजलि देने की प्रक्रिया जारी है। वहीं आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) 23 जनवरी यानी आज शाम इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे। बाद में इस होलोग्राम प्रतिमा की जगह ग्रेनाइट से बनी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

शाम 6 बजे पीएम करेंगे प्रतिमा का अनावरण :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिन घोषणा की थी कि, देश के महान सपूत सुभाषचंद्र बोस के प्रति आभार के प्रतीक के रूप में इंडिया गेट पर उनकी ग्रेनाइट की एक प्रतिमा लगाई जाएगी। ग्रेनाइट से बनी यह प्रतिमा हमारे स्वतंत्रता संग्राम में नेताजी के अपार योगदान को ध्यान में रखते हुए, उन्हें राष्ट्र की ओर से श्रद्धांजलि और नेताजी के प्रति देश की कृतज्ञता का प्रतीक भी होगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रतिमा का काम पूरा होने तक नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा ठीक उसी स्थान पर लगाई जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी आज शाम लगभग 6 बजे इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

पीएम मोदी ने किया था ट्वीट :

बीते दिन पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा था, "ऐसे समय में जब पूरा देश नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मना रहा है, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ग्रेनाइट से बनी उनकी भव्य प्रतिमा इंडिया गेट पर लगाई जाएगी। यह उनके प्रति भारत के ऋणी होने का प्रतीक होगा।"

बताते चलें कि, इंडिया गेट पर 6 दशक से खाली पड़ी एक छतरी में नेताजी की प्रतिमा लगाई जाएगी। सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा उस छतरी में लगेगी, जहां पहले जॉर्ज पंचम की मूर्ति लगी थी। जार्ज पंचम की प्रतिमा को 1968 में हटा दिया गया था, तब से यह छतरी खाली ही है।

अब 23 जनवरी से शुरू होगा गणतंत्र दिवस समारोह :

नेताजी के जन्मदिवस को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है। सरकार ने ऐलान किया था कि, गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत अब 24 जनवरी की बजाय 23 जनवरी से होगी। यह फैसला नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन को गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल करने के उद्देश्य से किया गया। नेताजी का जन्म 23 जनवरी 1897 को हुआ था।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com