राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू Social Media

राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू, सभी नागरिकों से किया यह आग्रह

राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में सभी देशवासियों, मतदाताओं, भारत निर्वाचन आयोग की पूरी टीम तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।

दिल्ली, भारत। नई दिल्ली में आज 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह आयोजित हुआ, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भाग लिया और समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर, राष्ट्रपति द्वारा 2022 के दौरान चुनाव के संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए गए।

चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी प्रतिभागियों को बधाई :

राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा- राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्वपूर्ण अवसर पर सभी देशवासियों, मतदाताओं, भारत निर्वाचन आयोग की पूरी टीम तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी प्रतिभागियों को मैं बधाई देती हूं। हमारे संसद के इतिहास में पहली बार, दोनों सदनों को मिलाकर, महिला सांसदों की संख्या 100 के आंकड़े को पार करते हुए 115 तक पहुंच गई है।

ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक, हमारी बहनें और बेटियां सक्रिय योगदान दे रही हैं। उनकी सक्रियता और संख्या में और अधिक वृद्धि होनी चाहिए। मेरा सभी नागरिकों से आग्रह है कि आप सब मतदान को राष्ट्र-निर्माण में अपना योगदान समझें तथा ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना के साथ मतदान अवश्य करें।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

  • संविधान सभा के सदस्यों ने भारत की सामान्य जनता के विवेक पर असीम विश्वास जताया तथा वयस्क मताधिकार के आधार पर निर्वाचन का प्रावधान सुनिश्चित किया। उनका यह विश्वास भारत की जनता ने फलीभूत किया है। भारत के लोकतंत्र को दुनिया के सबसे बड़े, जीवंत और स्थिर लोकतंत्र के रूप में सम्मान दिया जाता है।

  • हमारे देश में पिछले सात दशकों के दौरान चुनाव प्रक्रिया से सामाजिक क्रांति संभव हुई है। यह हमारे लोकतंत्र की एक बड़ी सफलता है कि दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले आम मतदाता को लगता है कि देश या राज्य पर कौन और कैसे शासन करेगा, यह तय करने में उसकी बड़ी भूमिका है। हमारा लोकतंत्र संविधान में निहित सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के उद्देश्यों को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

  • मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए चुनाव आयोग का आदर्श वाक्य 'कोई मतदाता पीछे न रहे' सराहनीय है। यह वाक्य सभी मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को आसान बनाने के चुनाव आयोग के लक्ष्य की व्याख्या करता है। इस वर्ष के राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम 'नथिंग लाइक वोटिंग, आई वोट फॉर श्योर' मतदाताओं के संकल्प को दर्शाती है।

    चुनाव आयोग और मतदाताओं का सामूहिक योगदान हमारे देश की चुनावी प्रक्रिया को मजबूत करता है।

  • यह हमारी चुनाव प्रक्रिया और हमारे लोकतंत्र की बड़ी उपलब्धि है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी लगातार बढ़ रही है। 2019 के आम चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में थोड़ी अधिक थी। यह भी उल्लेखनीय है कि, हमारी संसद के इतिहास में पहली बार दोनों सदनों को मिलाकर महिला सांसदों की संख्या सौ के आंकड़े को पार कर गई है। ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं का अहम योगदान है। उनकी भागीदारी और संख्या और बढ़नी चाहिए।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co