कांग्रेस में 6 बार हुए हैं अध्यक्ष पद के चुनाव
कांग्रेस में 6 बार हुए हैं अध्यक्ष पद के चुनावSyed Dabeer Hussain - RE

137 साल पुरानी कांग्रेस में 6 बार हुए हैं अध्यक्ष पद के चुनाव, जानिए पूरा इतिहास

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पहली बार मतदान साल 1939 में हुआ था। इस चुनाव में सुभाष चंद्र बोस और पट्टाभि सीतारमैया अध्यक्ष पद के दावेदार थे।

राज एक्सप्रेस। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव के नतीजों का ऐलान हो चुका है और मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष बन गए हैं। खड़गे को चुनाव में कुल 7897 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी शशि थरूर को महज 1072 वोट ही मिले। इसी के साथ खड़गे 24 साल बाद कांग्रेस के गैर गांधी अध्यक्ष बने हैं। वैसे आपको बता दें कि कांग्रेस पार्टी का गठन साल 1885 में हुआ था और 137 साल के इतिहास में यह छठां मौका है जब चुनाव में मतदान के जरिए कांग्रेस अध्यक्ष को चुना गया है। तो चलिए जानते हैं कांग्रेस में इससे पहले हुए पांच चुनाव और उनके विजेताओं के बारे में।

सुभाष चंद्र बोस VS पट्टाभि सीतारमैया :

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पहली बार मतदान साल 1939 में हुआ था। इस चुनाव में सुभाष चंद्र बोस और पट्टाभि सीतारमैया अध्यक्ष पद के दावेदार थे। चुनाव में सुभाष चंद्र बोस ने जीत हासिल की और कांग्रेस अध्यक्ष बने। हालांकि बाद में सुभाष चंद्र बोस ने गांधी जी से मतभेद के चलते कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

पुरुषोत्तम टंडन VS जेबी कृपलानी :

देश की आजादी के बाद साल 1950 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। इस चुनाव में पुरुषोत्तम टंडन ने नेहरु समर्थित जेबी कृपलानी को हराया और कांग्रेस के अध्यक्ष बने। हालांकि साल 1951 में नेहरु से मतभेद के चलते टंडन ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया और नेहरु पार्टी अध्यक्ष बन गए।

ब्रह्मानंद रेड्डी VS सिद्धार्थ शंकर रे VS कर्ण सिंह :

साल 1977 में देवकांत बारुआ के इस्तीफे के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुए। इस दौरान कासु ब्रह्मानंद रेड्डी, सिद्धार्थ शंकर रे और कर्ण सिंह ने नामांकन दाखिल किया। चुनाव में ब्रह्मानंद रेड्डी को जीत मिली और वह कांग्रेस के अध्यक्ष बने।

सीताराम केसरी VS शरद पवार VS राजेश पायलट :

साल 1996 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में सीताराम केसरी, शरद पवार, राजेश पायलट ने पर्चा दाखिल किया। इस चुनाव में सीताराम केसरी ने शरद पवार व राजेश पायलट को हराया और कांग्रेस अध्यक्ष बने।

सोनिया गांधी VS जितेंद्र प्रसाद :

साल 2000 में सोनिया गांधी और जितेंद्र प्रसाद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। इस चुनाव में सोनिया गांधी 98.75 फीसदी वोट हासिल हुए, जबकि जितेंद्र प्रसाद को 7542 वोटों में से सिर्फ 94 वोट मिले।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com