हिमाचल प्रदेश में घटोटा से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा
हिमाचल प्रदेश, भारत। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में आज बुधवार को 'भारत जोड़ो यात्रा' की एंट्री हिमाचल प्रदेश में हो गई है। यहां घटोटा से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी पदयात्रा को शुरू किया। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने घाटोटा में शिव मंदिर में दर्शन कर वहां पूजा-अर्चना की।
यात्रा में शामिल हुआ CM सुखविंद्र और उनका पूरा मंत्रिमंडल :
इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और उनका पूरा मंत्रिमंडल व विधायक सुबह 7 बजे इस पदयात्रा में शामिल हुआ। इस मौके पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने घटोटा में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा- यात्रा का हिमाचल से आने का रूट नहीं था, लेकिन प्रदेश की जनता का प्यार उन्हें इसे खींच लाया। 30 जनवरी को श्रीनगर पहुंचना है, ऐसे में दिन कम थे तो हिमाचल का प्लान नहीं बन पा रहा था।
साथ ही आगे उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि, ''हमने अपने मुद्दे संसद में उठाने की कोशिश की, लेकिन वहां मुद्दे उठाने नहीं दिए गए। भारत की संस्थाओं जैसे न्यायपालिका, प्रेस आदि से भी बात नहीं उठा सकते, क्योंकि सब पर RSS-BJP का दबाव है। इसलिए हमने यह यात्रा निकाली है।''
3-4 लोगों के लिए पूरी सरकार चलाई जा रही है। जो भी होता है वह उन लोगों के लिए होता है, हमारे किसान, मजदूर, युवा के लिए नहीं किया जाता। भारत की सरकार जो भी करती है वह भारत के 2-3 सबसे बड़े अरबपतियों की मदद करने के लिए करती है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी
बता दें कि, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह 11 बजे तक क्षत्रिय कॉलेज इंदौरा तक चलेगी। इसके बाद यहां राहुल गांधी चार घंटे आराम करने के बाद फिर नादौन काठगढ़ से तीन बजे यात्रा शुरू करेंगे। शाम 5.30 बजे मलोट में राहुल गांधी द्वारा जनसभा के साथ भारत जोड़ो यात्रा खत्म होगी।
दिनभर 24 किलोमीटर पदयात्रा के बाद राहुल गांधी मलौट में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। हिमाचल में यात्रा शुरू होने से पहले मीलवां में फ्लैग हैंड-ओवर सेरेमनी की गई।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।