पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में राहुल गांधी, गुरुद्वारे में नतमस्तक हुए व भाजपा पर किया कटाक्ष
पंजाब, भारत। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में “भारत जोड़ो यात्रा” की एंट्री पंजाब में हो चुकी है। इस दौरान राहुल गांधी सबसे पहले गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब पहुंचे, इस मौके पर उन्होने सिर पर लाल पगड़ी सजा कर मत्था टेका, फिर वे गुरुद्वारा ठंडा बुर्ज में नतमस्तक हुए। इस दौरान राहुल गांधी के साथ पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी मौजूद है।
राहुल गांधी का भाजपा पर कटाक्ष :
तो वहीं, फतेहगढ़ साहिब में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा- देश का किसान हमसे ज्यादा चलता है। इस यात्रा में बहुत कुछ सीखने को मिला। हम महंगाई और बेरोजगारी की बात करते हैं। बेरोजगारी और महंगाई देश के बड़े मुद्दे हैं। वह (भाजपा) एक जात को दूसरी जात से, एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाने की कोशिश कर रहे हैं और देश का माहौल बिगाड़ दिया है। हमने सोचा देश को मोहब्बत, एकता, भाईचारे का रास्ता दिखाना चाहिए। इसलिए हमने यह यात्रा शुरू की।
हम इस यात्रा में लंबे भाषण नहीं देते हैं। यह यात्रा बोलने की नहीं बल्कि सुनने की है। हम सुबह 6 बजे उठते हैं, लगभग 25 किमी चलते हैं और 6-7 घंटे आप सभी को सुनते हैं। उसके बाद 10-15 मिनट तक हम अपने विचार रखते हैं। इस यात्रा की भावना 'सुनना' है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी
राहुल गांधी ने लोगों ने कहा कि, ''कांग्रेस पार्टी के नेता हजारों किलोमीटर पैदल चल रहे हैं। लेकिन मैं तो कहता हूं कि देश का हर किसान रोज पैदल चलता है, किसान हमसे ज्यादा पैदल चलता है।''
तो वहीं, कांग्रेस ने राहुल गांधी की गुरुद्वारा में प्राथर्ना वाली फोटो को शेयर करते हुए लिखा- वाहेगुरु, आपके चरणों में देश के लिए सुख, शांति, समृद्धि, भाईचारे और मोहब्बत की अरदास लेकर आया हूँ...खाली हाथ जाऊंगा नहीं। आपकी ही मेहर से अगले कुछ दिन पंजाब की भूमि पर मोहब्बत का पैगाम दूंगा। कुछ सीखूंगा, कुछ सुनूंगा, कुछ समझूंगा और ये सब आपकी मेहर से ही होगा...तो वाहेगुरु जी मेहर बनाए रखना। सत श्री अकाल, जो बोले सो निहाल।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।