
राजस्थान, भारत। राजस्थान के डूंगरपुर से आज रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 'परिवर्तन यात्रा' का शुभारंभ किया।
परिवर्तन यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा- आज बेणेश्वर धाम की इस पावन धरा पर भाजपा की 'परिवर्तन संकल्प यात्रा' की शुरुआत होने जा रही है। डूंगरपुर की धरती हमेशा वीरों की धरती रही है। यहीं राजस्थान और गुजरात के आदिवासी भाईयों ने महाराणा प्रताप के साथ रहकर वर्षों तक युद्ध करके मुगलों की सेना के दांत खट्टे किए थे। भाजपा की 'परिवर्तन यात्रा' 19 दिन में 2,500 किमी घूमेगी और 52 विधानसभाओं से संपर्क करेगी। 156 जगह छोटी सभाएं, 52 जगह पर सभाएं और 56 जगह पर बड़ी सभाएं कर पूरे राजस्थान में परिवर्तन का संकल्प लेगी।
10 साल तक केंद्र में की UPA सरकार थी, UPA सरकार ने राजस्थान की जनता को क्या दिया। जरा इसका हिसाब दीजिए, भोले बनकर इधर-उधर की बात मत कीजिए। 10 साल की UPA सरकार के दौरान राजस्थान को 1 लाख 60 हजार करोड़ रुपये दिए गए, जबकि नरेंद्र मोदी सरकार ने महज 9 वर्ष में 8 लाख 71 हजार करोड़ रुपये राजस्थान को दिए।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह
गहलोत जी, आप में हिम्मत है तो सार्वजनिक प्रेस वार्ता करके राजस्थान की जनता को बताइए कि आपने पांच साल के अंदर घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के अलावा और क्या काम किया है। UPA पर 12 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप है। साथ में मन में अहंकार है, घमंड है कि देश में राज सिर्फ गांधी परिवार कर सकता है और मोदी तो गरीब मां और चाय बेचने वाले का गरीब बेटा है। ये लोग सहन नहीं कर पा रहे हैं।
दो दिन से आप (I.N.D.I.A गठबंधन) इस देश की संस्कृति और सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं। I.N.D.I.A गठबंधन के दो प्रमुख दल कांग्रेस और डीएमके (एक वित्त मंत्री का बेटा और एक मुख्यमंत्री का बेटा) कह रहे हैं कि सनातन धर्म को समाप्त कर देना चाहिए। तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करने कि लिए इन लोगों ने 'सनातन धर्म' का अपमान किया है।
राहुल बाबा ने कहा कि, जो हिंदू संगठन है वह लश्कर-ए-तैयबा से भी अधिक खतरनाक है। राहुल बाबा आप हिंदू संगठन की तुलना लश्कर-ए-तैयबा से कर रहे हैं, तो वहीं आपके गृहमंत्री कहते थे हिंदू टेरर चल रहा है। ये I.N.D.I.A गठबंधन वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।
अशोक गहलोत की सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी सरकार है, महिला सुरक्षा में विफल सरकार है। महिलाओं के साथ बदसलूकी के हर रोज करीब 19 मामले आ रहे हैं। अशोक गहलोत न तो हिंसा रोक सकते हैं और न ही दंगे रोक सकते हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।