जालौर में बोले CM योगी- "यह राजस्थान और हमारे देश दोनों के भविष्य को बदलने का चुनाव है"
हाइलाइट्स-
राजस्थान में होने वाला है विधानसभा का चुनाव।
योगी आदित्यनाथ आज राजस्थान के जालौर पहुंचे।
जालौर में सीएम योगी ने कहा- यह राजस्थान और हमारे देश दोनों के भविष्य को बदलने का चुनाव है।
जालौर, राजस्थान। राजस्थान में विधानसभा चुनाव को कुछ ही समय बचे हैं, यहां बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। सभी पार्टियों ने चुनाव की तैयारियों में लगे हुए हैं। बीजेपी ने अपने प्रचारकों को मैदान में उतार दिया है। एक के बाद एक करके दिग्गज नेता राजस्थान का दौरा कर रहें हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शनिवार को सांचौर भाजपा प्रत्याशी देवजी पटेल के समर्थन में चुनावी सभा की।
योगी आदित्यनाथ ने कही यह बात:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, "एक तरफ कांग्रेस के नेता कहते हैं कि देश के संसाधनों पर मुसलमानों का अधिकार है और प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि, देश के संसाधनों पर पहला अधिकार देश के गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं का है। वे(कांग्रेस) तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं और PM मोदी सबके साथ और विकास की बात करते हैं। कांग्रेस समस्या देती है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नया भारत समाधान निकालता है।"
योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान कहा कि, "अगर कांग्रेस ने सच में विकास करवाया होता तो पिछले नौ सालों में मोदी को इतनी मेहनत नहीं करनी पड़ती। संकट का जो साथी होता है, वहीं सच्चा साथी होता है। कोरोना में लोग अपने सगे से भाग रहे थे, तब मोदी जी ने वैक्सीन दिया। भूखे ना मरे इसके लिए 80 करोड़ लोगों को राशन दिया। उन्होंने कहा 1947 में भारत से ही अलग हुआ था पाकिस्तान। आज वहां एक किलो आटा के लिए लोग लड़ रहे हैं। जबकि मोदी यहां हर साल पांच करोड़ लोगों को सुविधा दे रहे हैं।"
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, "कांग्रेस ने विकास में बैरियर खड़ा करके लोगों को योजनाओं से वंचित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाई-वे, रेलवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, रैपिड रेल और यातायात के अन्य नए-नए साधन उपलब्ध करवाने के कार्य किए हैं। डबल इंजन सरकार का यही लाभ है। नागरिक सम्मान के साथ जीता है, हर गरीब को बिना भेदभाव के शासन की योजना का लाभ मिलता है, हर बेटी को सुरक्षा है और हर नौजवान के लिए रोजगार की गारंटी है।"
उन्होंने कहा कि, "थोड़ा तुलना करिए, यह चुनाव राजस्थान के साथ-साथ, देश के भविष्य को बदलने वाला चुनाव है। पिछले 05 वर्ष राजस्थान के बड़े कष्ट में रहे हैं। अब चुनाव में केवल भाजपा को हमें समर्थन करना है, राष्ट्रवाद के लिए, देश के लिए, आने वाले समय के लिए।"
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।