मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विभिन्न कार्यों का लोकार्पण कियाRaj Express

खेल विकास एवं खिलाड़ियों के उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

जोधपुर, राजस्थान : अशोक गहलोत ने जोधपुर के सर्वांगीण विकास की 374.53 करोड़ रूपए के विकास कार्याें का शिलान्यास तथा 20.91 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

हाइलाइट्स :

  • मुख्यमंत्री ने किया 374.53 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का शिलान्यास।

  • 20.91 करोड़ रूपए के विभिन्न कार्यों का किया लोकार्पण।

  • ग्रामीण ओलंपिक से बना खेलों के प्रति माहौल।

  • आगामी बजट युवाओं एवं विद्यार्थियों को होगा समर्पित।

जोधपुर, राजस्थान। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों के सर्वांगीण उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके लिए हर स्तर पर बहुआयामी सोच के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। श्री गहलोत ने कहा कि ग्रामीण ओलंपिक के आयोजन से राजस्थान में खेलों का बेहतरीन माहौल बना है तथा खेल प्रतिभाओं को व्यापक प्रोत्साहन भी मिल रहा है। इससे आने वाले समय में प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को जोधपुर के शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर श्री गहलोत ने जोधपुर के सर्वांगीण विकास की 374.53 करोड़ रूपए के विकास कार्याें का शिलान्यास तथा 20.91 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के लिए भूमिपूजन किया तथा शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। साथ ही, काॅम्प्लेक्स से संबंधित मानचित्रों एवं माॅडल का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पौधारोपण भी किया।

राजस्थान को मिली माॅडल स्टेट के रूप में पहचान :

श्री गहलोत ने कहा कि प्रदेश में खेल जगत का बहुआयामी, अपूर्व एवं ऐतिहासिक विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान ने देश में माॅडल स्टेट के रूप में पहचान बनाई है। राज्य में व्यापक और सुनहरे विकास को और अधिक तेजी मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है। इस दृष्टि से युवाओं को हर क्षेत्र में सशक्त एवं योग्य बनाया जा रहा है। उनकी प्रतिभाओं में निखार लाकर आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयासों में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि बजट में जनसहभागिता के लिए सरकार प्राप्त हुए सुझावों पर विचार कर बेहतरीन बजट तैयार करेगी। इस बार अब तक 30 हजार से अधिक लोग अपने सुझाव भिजवा चुके हैं, यह अच्छा संकेत है।

जोधपुर आईटी जाॅब फेयर युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका :

मुख्यमंत्री ने कहा कि जोधपुर में हो रहा राजस्थान डिजिफेस्ट आईटी के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक आयोजन है। उन्होंने कहा कि जोधपुर में 600 करोड़ से अधिक की लागत से बनाई जा रही फिनटेक यूनिवर्सिटी दुनिया की अत्याधुनिक तकनीक से युवाओं को जोड़ेगी। इससे उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, प्रतिभाओं के विकास, रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी होगी। श्री गहलोत ने कहा कि प्रत्येक प्रदेशवासी की समस्याओं के समाधान और जीवनस्तर में सुधार लाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

श्री गहलोत ने कहा कि जोधपुर में सभी प्रकार की उच्चस्तरीय एवं जरूरी सुविधाएं, संस्थान और सेवाएं उपलब्ध हैं। जिनमें आयुर्वेद, कृषि, विधि आदि से संबंधित विश्वविद्यालय, निफ्ट, एम्स सहित कई क्षेत्रों के बड़े-बड़े संस्थान हैं। उन्होंने कहा कि जोधपुर के चहुंमुखी विकास के लिए सभी संभव प्रयासों को मूर्त रूप दिया जा रहा है। स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में उत्कृष्ट स्तर के संसाधन, सुविधाएं, प्रशिक्षक, प्रशिक्षण आदि उपलब्ध कराए जाएंगे।

खेल मंत्री श्री अशोक चाँदना ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खेलों व खिलाड़ियों केे विकास के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को माॅडल स्टेट के रूप में पहचान मिली है। प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता के बाद पूरे देश में ऐसी योजनाएं लागू करनी चाहिए।

प्रभारी मंत्री डाॅ. सुभाष गर्ग ने जोधपुर को लगभग 400 करोड़ की सौगातें देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आयुष के क्षेत्र में श्री गहलोत ने 80 करोड़ की सौगात दी है। राजस्थान ने विकास का जो माॅडल प्रदर्शित किया है उसे सर्वत्र सराहा जा रहा है।

राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की अध्यक्षा श्रीमती कृष्णा पूनिया ने राजस्थान में खेल विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय राजस्थान के खेलों और खिलाड़ियों के लिए स्वर्णकाल है। इस दिशा में जोधपुर में स्थापित होने जा रहे स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के लिए उन्होंने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विधायक श्री किशनाराम विश्नोई, शहर विधायक श्रीमती मनीषा पंवार, राजस्थान पशु धन विकास बोर्ड अध्यक्ष श्री राजेन्द्र सोलंकी, राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा श्रीमती संगीता बेनीवाल, आरसीए अध्यक्ष श्री वैभव गहलोत, राजस्थान राज्य क्रीड़ा संस्थान के निदेशक श्री एल.एस. राणावत, रीको निदेशक श्री सुनील परिहार, महापौर श्रीमती कुन्ती देवड़ा परिहार सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

लोकार्पण (कुल 20.91 करोड़ रूपए) :

  • महात्मा गांधी चिकित्सालय में निर्मित नवीन आर्थोस्पाईन यूनिट, 7.40 करोड़ रूपए।

  • डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर बालिका छात्रावास, 7 करोड़ रूपए।

  • डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय के चिकित्सालय में जनरल वार्ड तथा मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण, 3.31 करोड़ रूपए।

  • आयुर्वेद महाविद्यालय भवन विस्तार, 3.20 करोड़ रूपए।

शिलान्यास (कुल 374.53 करोड़ रूपए) :

  • राजस्थान राज्य क्रीडा संस्थान, लागत 56.91 करोड़ रूपए।

  • सुरपुरा बांध पर पार्क विकसित करने का कार्य, लागत 13.97 करोड़ रूपए।

  • राजकीय दंत महाविद्यालय, लागत 40 करोड़ रूपए।

  • महात्मा ज्योतिबा फुले कृषि उप गौण मंडी प्रांगण, आंगणवा, लागत 60 करोड़ रूपए।

  • डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय में निर्माण कार्य, लागत 43.81 करोड़ रूपए।

  • डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय में रसायन शाला निर्माण, लागत 80 लाख रूपए।

  • डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय में ड्रग टेस्टिंग निर्माण, लागत 5.10 करोड़ रूपए।

  • डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर छात्रावास का निर्माण, लागत 5 करोड़ रूपए।

  • डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय में स्नातक छात्रावास का विस्तार, लागत 4 करोड़ रूपए।

  • डाॅ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय में होम्योपैथी चिकित्सालय का निर्माण, लागत 9 करोड़ रूपए।

  • डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, लागत 10 करोड़ रूपए।

  • प्रौद्योगिकी एवं कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय, लागत 10 करोड़ रूपए।

  • सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट महात्मा गांधी चिकित्सालय, लागत 5 करोड़ रूपए।

  • सार्वजनिक निर्माण विभाग की विभिन्न सड़कों का कार्य, लागत 97.91 करोड़ रूपए।

  • जोधपुर शहर की विभिन्न सड़कों पर सौन्दर्यकरण एवं सुदृढीकरण का कार्य एवं पार्क विकास कार्य, लागत 13.03 करोड़ रूपए।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com