
हाइलाइट्स :
वर्तमान में सरकार की नीतियों का फायदा हर कोई ले सकता है।
कृषि वैज्ञानिकों से अनुसंधान को बढ़ावा देने का किया आग्रह।
अनुसंधान की जितनी संभावना कृषि के क्षेत्र में है उतनी और किसी क्षेत्र में नहीं है।
तरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भी भारत को निवेश के लिए सर्वोत्तम स्थान बताया है।
नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किसानों से नई तकनीक अपनाने का आह्वान करते हुए कहा है कि वर्तमान में सरकार की नीतियों ने एक ऐसा वातावरण तैयार किया है कि उन नीतियों का फायदा हर कोई ले सकता है।
मंगलवार को राजस्थान की एक दिवसीय यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति भरतपुर पहुंचे और सरसों अनुसंधान निदेशालय के कृषि वैज्ञानिकों के साथ संवाद किया। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों से अनुसंधान को बढ़ावा देने का आग्रह किया ताकि किसानों को अधिक से अधिक फायदा पहुंचाया जा सके।
उप राष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि नवाचार के लिए लीक से हटकर सोचना पड़ेगा और इसके अद्भुत परिणाम निकलेंगे। उन्होंने कहा कि अनुसंधान की जितनी संभावना कृषि के क्षेत्र में है उतनी और किसी क्षेत्र में नहीं है।
मिलेट वर्ष की प्रशंसा करते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा आज भारत अपने अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को भी मोटे अनाज से बने व्यंजन परोसता है यह एक वास्तव में बहुत बड़ा सराहनीय परिवर्तन और उपलब्धि है।
भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती साख का जिक्र करते ही हुए उन्होंने कहा कि आज दुनिया की ऐसी कोई संस्था नहीं है जो भारत की तरफ ना देख रही हो। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भी भारत को निवेश के लिए सर्वोत्तम स्थान बताया है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।