Rajasthan Election 2023: आज घोषणा पत्र जारी करेगी बीजेपी, किसानों, महिलाओं और युवाओं पर फोकस
हाइलाइट्स-
आज भाजपा जारी करेगी घोषणा पत्र।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक करोड़ से अधिक लोगों की ओर से सुझाए गए घोषणा पत्र को जारी करेंगे।
संकल्प पत्र किसानों, महिलाओं और युवाओं पर केंद्रित होगा।
Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव को कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में सभी पार्टियां चुनाव की तैयारियों में लगे हुए हैं। इसी बीच खबर है कि, भाजपा आज अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। घोषणा-पत्र को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जारी करेंगे। घोषणा-पत्र में कई लोक लुभावनी घोषणाएं की जाएंगी।
बता दें कि, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को एक करोड़ से अधिक लोगों की ओर से सुझाए गए संकल्प पत्र को जारी करेंगे। माना जा रहा है कि, ये संकल्प पत्र किसानों, महिलाओं और युवाओं पर केंद्रित होगा। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के घोषणा पत्र में दिव्यांगजनों तथा वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक सहायता देने, कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाने, सरकारी भर्ती परीक्षाओं को नियमित एवं पारदर्शी करवाने, किसान कर्ज माफी के लिए आवश्यक इंतजाम करने सहित कई वादे किए जाएंगे।
वहीं, भाजपा किसानों को गेहूं और धान खरीदने की गारंटी भी देगी। प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र स्थापित करने की बात भी संकल्प पत्र में कही जाएगी।
भाजपा ने इस बारे में कहा है कि, पार्टी का घोषणा पत्र करीब 1 करोड़ लोगों के सुझावों पर आधारित है। ये सुझाव पार्टी को आकांक्षा पेटी, ईमेल और सोशल मीडिया मंचों के जरिए चलाए गए जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से मिले हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।