राजस्थान सरकार ने पेपर लीक में रिकॉर्ड कायम किया : सतीश पूनियां
श्रीगंगानगर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने कहा है कि पेपर लीक करने में राज्य की कांग्रेस सरकार ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। डॉ. पूनियां आज श्रीगंगानगर जिले में सीमावर्ती नई मंडी घड़साना और श्रीबिजयनगर में भाजपा द्वारा प्रदेश सरकार के खिलाफ आयोजित जन आक्रोश महासभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पेपर तभी लिक होता है, जब सरकार लीक हो जाती है। हिंदुस्तान में सबसे अधिक युवा बेरोजगार राजस्थान में हैं। एक साल तक तैयारी करने के पश्चात युवा प्रतियोगी परीक्षा देकर बाहर निकलते हैं तो पता चलता है कि पेपर लीक हो गया है।बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ते की बात हो या कोई और चुनावी वायदा, कांग्रेस सरकार ने कोई भी वादा नहीं निभाया।
कृषि बाहुल्य इस इलाके में किसानों की नब्ज पर हाथ रखते हुए डॉ. पूनियां ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने अब तक के 4 वर्ष के शासन में कर्जा माफ करने के बजाय 18 हजार से अधिक किसानों की जमीनों को कर्ज के कारण कुर्क किया है। प्रदेश में 200 से अधिक किसानों ने कर्ज से तंग आकर आत्महत्याएं कर ली है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने श्रीगंगानगर जिले में गंग कैनाल की मुख्य शाखा और इसकी नहर वितरिकाओं की दशा सुधारने के लिए 1100 करोड रुपए मंजूर किए हैं। उन्होंने कहा कि आज श्रीगंगानगर आगमन पर जिस तरह से लोग उनको अपनी समस्याओं के ज्ञापन दे रहे हैं या अवगत करवा रहे हैं, उससे जाहिर हो रहा है कि कांग्रेस सरकार ने अपना कोई भी वादा नहीं निभाया। इस इलाके के लोग अनेक प्रकार की समस्याओं से ग्रस्त हैं। यह हालत तब जब 70 वर्षों में से 55 वर्ष कांग्रेस ने ही राज किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारें जिस भ्रष्टाचार को देश की रीति बताती थी, उसी भ्रष्टाचार को करोड़ों लोगों के खाते खुलवा कर नरेंद्र मोदी सरकार ने एक बड़ा काम किया है। उन्होंने इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आवाहन करते हुए भाजपा को फिर से सत्ता में लाने की अपील की है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।