जनता को किसानों के साथ वादाखिलाफी करने वाली सरकार को बदल देना चाहिए : डॉ. सतीश पूनियां
हाइलाइट्स :
डॉ. पूनियां ने शेखावाटी के मंडावा में भाजपा की जनआक्रोश सभा को संबोधित किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर निशाना साधा।
राजस्थान के 60 लाख किसान एक लाख 20 हजार करोड़ का कर्ज माफ होने का इंतजार ही कर रहे है।
हनुमानगढ़, राजस्थान। राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी, बेरोजगारों के साथ ठगी एवं कानून व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जनता को ऐसी सरकार को बदल देना चाहिए।
डॉ. पूनियां गुरुवार को शेखावाटी के मंडावा में भाजपा की जनआक्रोश सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर निशाना साधा और कहा कि अशोक गहलोत के विज्ञापन का रंग तो गुलाबी है लेकिन राजस्थान की सड़कें लाल है, राजस्थान की धरती पर सात हत्या और 17 बलात्कार रोज, यह राजस्थान है जिसे दुनिया शांतिपूर्ण प्रदेश मानकर घूमने आती है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अशोक गहलोत ने वोट की खातिर रामनवमी और हिंदू नववर्ष के जुलूस पर प्रतिबंध लगा दिया जो राजस्थान के सद्भाव को बिगाड़ने का काम किया हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ वादाखिलाफी, बेरोजगारों के साथ ठगी एवं कानून व्यवस्था को कमजोर करने वाली कांग्रेस सरकार को बदल देना चाहिए।
डॉ. पूनियां ने कहा कि मोदी युग में देश में अनेकों बदलाव आए जो सामान्य बदलाव नहीं है, डीडवाना की सुनीता खोखर जो किसान की बेटी है, चंद्रयान को चंद्रमा पर पहुंचाने वाली टीम का हिस्सा रहीं, यही बदलता भारत है, यही नया भारत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किसानों का कर्जा माफ करने की बात कही थी लेकिन राजस्थान के 60 लाख किसान एक लाख 20 हजार करोड़ का कर्ज माफ होने का इंतजार ही कर रहे है, यह वादा तो कांग्रेस सरकार ने पूरा नहीं किया लेकिन 19422 किसानों की जमीनें नीलाम हो गई और सैकड़ों किसानों ने आत्महत्या कर ली।
डॉ. पूनियां ने हनुमानगढ़ के गोगामेड़ी में पांच सितंबर को गोगामेड़ी से शुरू होने वाली भाजपा ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ की तैयारियों का जायजा भी लिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।