स्व. इंदिरा गांधी एवं स्व. राजीव गांधी की मूर्ति का अनावरण
स्व. इंदिरा गांधी एवं स्व. राजीव गांधी की मूर्ति का अनावरणRaj Express

देश के लिए बलिदान देने वालों का हो सम्मान : मुख्यमंत्री

अशोक गहलोत ने कहा कि स्व. इंदिरा जी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने का निर्णय लिया। उनके कार्यकाल में सेना ने अद्भूत शौर्य का प्रदर्शन कर पाकिस्तान को पराजित किया और बांग्लादेश का निर्माण हुआ।

हाइलाइट्स :

  • 149 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण।

  • सामाजिक न्याय व सामाजिक सुरक्षा सरकार का ध्येय।

  • महंगाई व बेरोजगारी देश में बड़ी समस्या।

  • देश की सैन्य शक्ति पर हम सभी को गर्व।

  • बालिका शिक्षा के क्षेत्र में लिए जा रहे अहम फैसले।

जयपुर, राजस्थान। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के कार्यकाल में राष्ट्रहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए। स्व. इंदिरा जी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने का निर्णय लिया। उनके कार्यकाल में सेना ने अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन कर पाकिस्तान को पराजित किया और बांग्लादेश का निर्माण हुआ। 1971 के युद्ध में 90 हजार पाकिस्तानी सैनिकों को आत्मसमर्पण करवाने वाली भारतीय सैन्य शक्ति पर हम सबको गर्व है।

श्री गहलोत ने मंगलवार को चित्तौड़गढ़ में इंदिरा गांधी स्टेडियम एवं इंदिरा गांधी प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी एवं राजीव गांधी उद्यान में स्व. राजीव गांधी की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 149 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इस दौरान उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रतिमा अनावरण के बाद यहां आने वाले युवाओं को इन महान नेताओं के जीवन आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद आई सरकारों द्वारा भारत के लोकतंत्र को सशक्त करने का कार्य किया गया। इसी का परिणाम है कि देश में संविधान लागू होने के साथ ही महिलाओं को मतदान करने का अधिकार मिला, जबकि अन्य लोकतंत्रों में इसमें काफी समय लगा। भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री, श्रीमती इन्दिरा गांधी एक महान नेता के रूप में देश के सामने आई। उन्होंने अपने प्राणों का उत्सर्ग कर देश की अखण्डता की रक्षा की। देश के लिए बलिदान देने वाले नेताओं का सभी के द्वारा सम्मान होना चाहिए।

सरकार की जनकेंद्रित योजनाओं से आमजन को मिल रही राहत :

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सकारात्मक सोच के साथ हर वर्ग की प्रगति के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से आमजन को महंगे इलाज की चिंता से मुक्ति मिली है। इस योजना के तहत प्रदेशवासियों के लिए 10 लाख तक का इलाज निःशुल्क कर दिया गया है। लीवर ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट, कोक्लियर इम्प्लांट आदि जटिल उपचारों में 10 लाख की सीमा समाप्त कर दी गई है। सभी प्रकार की दवाईयां और जांचें निःशुल्क कर दी गई है। इसके अलावा 5 लाख तक का दुर्घटना बीमा आमजन को दिया जा रहा है। इंदिरा रसोई में मात्र 8 रूपए में पौष्टिक भोजन परोसा जा रहा है। राज्य सरकार प्रति थाली 17 रूपए का अनुदान दे रही है। राज्य सरकार के मंत्री स्वयं जाकर समय-समय पर इंदिरा रसोईयों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि भोजन की गुणवत्ता बनी रहे।

युवाओं को मिल रहा रोजगार :

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे देश में महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्याएं बनकर उभरी हैं। परन्तु राजस्थान में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वर्तमान कार्यकाल में अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। लगभग इतने ही सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है तथा 1 लाख सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती की घोषणा की जा चुकी है। निजी क्षेत्र में भी रोजगार सृजित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में आयोजित इन्वेस्ट राजस्थान समिट में लगभग 11 लाख करोड़ रूपए के एमओयू साइन हुए हैं। इनकी क्रियान्विति से वृहद स्तर पर राज्य में रोजगार सृजित होंगे।

महिला शिक्षा में राज्य बढ़ रहा आगे :

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के निर्णयोें से महिला शिक्षा के क्षेत्र में राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है। पिछले चार सालों में राज्य में 211 महाविद्यालय खुले हैं, जिनमें 91 बालिका महाविद्यालय हैं। राज्य सरकार द्वारा किसी विद्यालय में 500 बालिकाओं का नामांकन होने पर महाविद्यालय खोले जाने का एतिहासिक निर्णय लिया गया है।

ओपीएस लागू करने के निर्णय की चर्चा पूरे देश में :

इंदिरा गांधी प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में विभिन्न कर्मचारी एवं पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के ओपीएस लागू करने के फैसले की आज पूरे देश में सराहना हो रही है। मानवीय दृष्टिकोण से लिए गए इस निर्णय से कर्मचारियों में अपने भविष्य के प्रति सुरक्षा की भावना आई है। सरकार ने ओपीएस लागू करने की सिर्फ घोषणा ही नहीं की बल्कि इसे धरातल पर लागू भी कर दिया है और कर्मचारियों को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार को पूरे देश में ओपीएस लागू करनी चाहिए। इससे पहले विभिन्न कर्मचारी एवं पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का ओपीएस लागू करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री बीडी कल्ला, राजस्व मंत्री श्री रामलाल जाट, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्री प्रतापसिंह खाचरियावास, सहकारिता मंत्री श्री उदयलाल आंजना, राजस्थान हेरिटेज कंजर्वेशन एवं प्रमोशन ऑथोरिटी के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत, संभागीय आयुक्त श्री राजेन्द्र भट्ट, पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार, जिला कलेक्टर श्री अरविंद कुमार पोसवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

ये हुए लोकार्पण :

  • नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा निर्मित गांधी वाटिका

  • प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रोलाहेड़ा का भवन

  • प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नेतावल महाराज का भवन

  • नवीन कृषि महाविद्यालय, बस्सी

  • श्री सैन महाराज पेनोरमा पुष्कर, अजमेर

  • शहीद रूपाजी-कृपाजी पेनोरमा बेगूं, चित्तौड़गढ़

  • करमेती बाई पेनोरमा खण्डेला, सीकर

  • चालकनेची पेनोरमा चालकना, बाड़मेर

  • गिरी-सुमेल महासंग्राम पेनोरमा रायपुर, पाली

  • राव शेखाजी पेनोरमा अमरसर शाहपुरा, जयपुर

ये हुए शिलान्यास :

  • बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय, चित्तौड़गढ़

  • गम्भीरी नदी पर पुलिया निर्माण कार्य

  • राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सावा भवन निर्माण

  • महेशपुरम नगर परिषद चित्तौड़गढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य भवन निर्माण

  • गम्भीरी मध्यम सिंचाई परियोजना के नहरी तन्त्र का जीर्णोद्धार

  • मोड़िया महादेव एवं शादी लघु सिंचाई परियोजना का जीर्णोद्धार

  • सांकल खेडा लघु सिंचाई परियोजना का जीर्णोद्धार

  • नवीन कन्या महाविद्यालय बस्सी भवन का निर्माण

  • ड्रग वेयर हाउस का विस्तारीकरण कार्य

  • लव कुश वाटिका

  • राणा हम्मीर पेनोरमा सवाईमाधोपुर

  • वीर दुर्गादास पेनोरमा, जोधपुर

  • गोविन्दगुरू पेनोरमा, सीमलवाड़ा, डूंगरपुर

  • देवनारायण पेनोरमा जोधपुरिया, टोंक

  • महाराणा प्रताप पेनोरमा चावण्ड, उदयपुर

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co