रेल रोकाे आंदोलन के दिन राकेश टिकैत ने बताया- अब क्या होगा अगला लक्ष्य
दिल्ली, भारत। देश में केंद्र सरकार के 3 नए कृषि कानूनों के विरोध में आज किसानाेें का रेल रोको अभियान हुआ। रेल रोकाे आंदोलन के दिन आज भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने ये भी बताया कि, अब अगला लक्ष्य क्या होगा...
अगला लक्ष्य 40 लाख ट्रैक्टरों का :
हरियाणा के हिसार में भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा- अगला लक्ष्य 40 लाख ट्रैक्टरों का है, देशभर में जाकर 40 लाख ट्रैक्टर इकट्ठा करेंगे। ज्यादा समस्या की तो ये ट्रैक्टर भी वही हैं, ये किसान भी वही हैं, ये फिर दिल्ली जाएंगे। इस बार हल क्रांति होगी, जो खेत में औजार इस्तेमाल होते हैं, वे सब जाएंगे।
हालांकि, किसानों के रेल रोको आंदोलन पर भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने इससे पहले ये बताया था कि, ''ये आंदोलन 12 बजे से 4 बजे तक चलेगा, आंदोलन शांतिपूर्ण होगा। रेल चल ही नहीं रही है।''
रेल रोको आंदोलन के मद्देनज़र कई रेलवे ट्रैक किए ब्लॉक :
हरियाणा के रेल रोको आंदोलन के मद्देनज़र किसान संगठनों ने अंबाला, पलवल में रेलवे ट्रैक को ब्लॉक किया।
पंजाब में किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी ने रेल रोको आंदोलन के तहत अमृतसर में रेलवे ट्रैक पर विरोध प्रदर्शन किया और रेलवे ट्रैक पर लेटे हुए नजर आए।
इसके अलावा पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में किसान संगठनों ने रेल रोकी।
बिहार में किसानों के रेल रोको आंदोलन के आह्वान पर जन अधिकार पार्टी (JAP) के कार्यकर्ताओं ने पटना में रेल रोकी।
राजस्थान में किसानों ने किया दिल्ली मुंबई व कोटा चित्तौड़ रेल मार्ग जाम।
ओडिशा के पुरी से उत्तराखंड के हरिद्वार तक जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर रोकी गई है। किसान मोदीनगर रेलवे स्टेशन की पटरियों पर बैठे हुए नजर आए।
किसानों के रेल रोको अभियान के मद्देनजर टिकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन की एंट्री और एग्जिट बंद किए गए।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।