कर्नाटक उपचुनावों में भाजपा की जीत, कांग्रेस 2 सीटों पर सिमटी

कर्नाटक उपचुनावों की 15 में से 12 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज़ की। इस ही के साथ भाजपा ने राज्य में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा भी प्राप्त कर लिया है।
कर्नाटक उपचुनावों में भाजपा की जीत
कर्नाटक उपचुनावों में भाजपा की जीतसोशल मीडिया

राज एक्सप्रेस। कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। विधानसभा की 15 में से 12 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। कांग्रेस के खाते में दो सीटें आईं, जबकि जेडीएस एक भी सीट नहीं जीत पाई है। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।

भाजपा की इस जीत के चलते, दल के वरिष्ठ नेता येदियुरप्पा के नेतृत्व में सरकार ने बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है। अब भाजपा के पास विधासनभा में 117 सीटें हैं, जो कि बहुमत के आकड़े से 5 अधिक हैं। इस जीत पर मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने जीते हुए 12 प्रत्याशियों में से 11 को कैबिनेट मंत्री बनाने का ऐलान किया है।

कर्नाटक उपचुनाव में भाजपा की जीत पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, 'आज कर्नाटक के लोगों ने सुनिश्चित कर दिया है कि अब कांग्रेस और जेडीएस वहां के लोगों के साथ विश्वासघात नहीं कर पाएंगे। अब कर्नाटक में जोड़-तोड़ की राजनीति नहीं चलेगी, वहां की जनता ने एक स्थिर और मजबूत सरकार को ताकत दे दी है।'

इन उपचुनावों में कांग्रेस ने सिर्फ दो सीटें जीतीं। कांग्रेस पार्टी के इस प्रदर्शन के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता सिद्धारमैया ने अपने आपको जिम्मेदार बताया और इस्तीफा दे दिया है। सिद्धारमैया ने कहा कि, 'विधायक दल के नेता के रूप में मुझे लोकतंत्र का सम्मान करने की आवश्यकता है। मैंने कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में इस्तीफा दे दिया है। मैंने अपना इस्तीफा सोनिया गांधी जी को सौंप दिया है।'

सिद्धारमैया के साथ ही कांग्रेस पार्टी के कर्नाटक राज्य के अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव ने भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी की हार की ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की घोषणा की।

रुझानों के बाद से ही भाजपा में जश्न का माहौल था। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने अपने बेटे बीवाई विजयेंद्र के साथ जश्न मनाया, दोनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। वहीं पार्टी दफ्तर के बाहर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com