Weather Update: भीषण ठंड से ठिठुर रहा उत्तर भारत, कई जिलों का तापमान शून्य के करीब पहुंचा
Weather Update: देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत भीषण ठंड से ठिठुर रहा है, शीतलहर भी जारी है। कड़ाके की ठंड की वजह से लोग कपकपा रहे है और ठिठुरन वाली सर्दी के बीच घने कोहरा छाया हुआ है। दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत उत्तर पश्चिमी भारत में आज मौसम अपडेट क्या है, आइये जानें-
दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान :
दरअसल, जबरदस्त ठंड के बीच यह जानकारी सामने आ रही है कि, अगले दो दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलने की उम्मीद है। तो वहीं, पहाड़ों से चल रही बर्फीली हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में जबरदस्त ठंड पड़ रही है। ऐसे में आज मंगलवार (17 जनवरी) को सुबह 5.30 बजे राजधानी दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि पालम में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा उत्तर भारत के कई शहरों का तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान -3.7 डिग्री सेल्सियस राजस्थान के फतेहपुर में दर्ज हुआ।
तो वहीं, मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले छह दिनों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है।
दो पश्चिमी विक्षोभ 18 और 20 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं, जिससे शीत लहर की संभावना है।
18 तारीख तक राजस्थान, पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई हिस्सों में और उसके बाद 19 तारीख को पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर से गंभीर शीत लहर की स्थिति की बहुत संभावना है।
17 से 19 जनवरी के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर की स्थिति रह सकती है।
17 जनवरी की सुबह तक कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है।
इसके बाद 19 से 21 जनवरी के दौरान इसमें 4-6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।
स्काईमेट वेदर के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने कहा कि, ''मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में 19 से 20 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।''
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।