मैनपुरी उपचुनाव: सैफई में अखिलेश-डिंपल ने किया मतदान और पुलिस पर लोगों को वोट न डालने देने का लगाया आरोप
उत्तर प्रदेश, भारत। समाजवादी पार्टी का गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी लोकसभा सीट और पांच राज्यों की 6 विधानसभा सीटों पर आज 5 दिसंबर को उपचुनाव हो रहे है। इस दौरान मतदान जारी है। इसी बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ मतदान करने पहुंचे।
सैफई में अखिलेश यादव ने डाला वोट :
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सैफई में और उनकी पत्नी डिंपल यादव ने भी वोट डाला। मतदान करने के बाद अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने यह आरोप लगाया कि, लोगों को पुलिस वोट डालने नहीं दे रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि, "पुलिस की कोशिश यह है कि, समाजवादी पार्टी का वोट ही न पड़ने दिया जाए। रामपुर में भी यही हाल है उस दिन से हम लोग वोट मांग करके आए हैं, वहां भी कोशिश हो रही है कि सपा का वोट पड़ने न दिया जाए। रामपुर में कहीं भी लोगों को निकलने नहीं दिया जा रहा, पुलिस लोगों को चेक कर रही है, जिनके पास आईडी है, उनको भी वापस किया जा रहा है। सपा के वोट वाले मोहल्ले और गांव में बाहर से आए सुरक्षाबलों को लगाया गया है।"
मैनपुरी नेता जी की भूमि है, समाजवादी पार्टी को कोई नहीं रोक सकता। बड़ी तादाद में लोग समाजवादी पार्टी को वोट कर रहे हैं। मैनपुरी में नेताजी के प्रति जो सम्मान है, इसलिए एक-एक वोट सपा को जा रहा है इसलिए बीजेपी घबराई हुई है।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव
उन्होंने कहा- मुझे नहीं पता मतदान शुरू होने के साथ से ही प्रशासन किसके इशारे पर काम कर रहा है, पता नहीं पुलिस को क्या ब्रीफिंग की गई है। सुबह से लगातार शिकायतें आई हैं और यह शिकायतें सिर्फ मैनपुरी लोकसभा सीट से नहीं बल्कि दूसरी सीट से भी आ रही हैं। मुझे उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी की अच्छी जीत होगी। 2024 की भी शुरूआत होगी, लेकिन उससे भी बड़ी बात यह है कि नेताजी इस क्षेत्र में काम करते रहे हैं। यह नेताजी का क्षेत्र रहा है, नेताजी को याद करके लोग मतदान करने पहुंच रहे हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।