कोलकाता पहुंचे अखिलेश यादव, कहा- BJP जिस दल से घबरा जाती है उसके घर पर ED, इनकम टैक्स, CBI भेज देती है
राज एक्सप्रेस। साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को धार देने के लिए आज शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव कोलकाता पहुंचे हैं। बता दें, कोलकाता में समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो रही है, जिसमें शैल होने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव वहां पहुंचे हैं। कोलकाता पहुंचने के बाद अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है।
बता दें कि, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंचे। अखिलेश का पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने स्वागत किया एवं विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बता दें, समाजवादी पार्टी की ओर से 18, 19 मार्च को कोलकाता में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है, जिसमें सपा अध्यक्ष शामिल होंगे। माना जा रहा है कि, इस बैठक में सपा, बीजेपी के खिलाफ विपक्ष की एकजुटता और लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करेंगे। इस दौरान वो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे।
अखिलेश यादव ने कही यह बात:
अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, "यह तैयारी है कि 2024 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ज्यादा सीटें कैसे जीते। भाजपा लगातार संविधान और लोकतंत्र पर हमला कर रही है, विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है।"
अखिलेश यादव ने कहा कि, "अगर आज देश की आर्थिक व्यवस्था पीछे जा रही है तो उसकी जिम्मेदार भारत सरकार है। पूरे देश की जनता भारतीय जनता पार्टी को हटाना चाहती है।"
उन्होंने कहा कि, "यहां तो कम लोग जेल में है, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के बहुत सारे विधायक, नेता झूठे मुकदमों में जेल में है। भाजपा जिस दल से घबरा जाती है उसके घर पर ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई भेज देती है।"
बता दें कि, अखिलेश के साथ शिवपाल यादव और अवधेश प्रसाद भी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने लखनऊ से कोलकाता गए हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।