लोकसभा चुनाव में यूपी तय करेगा देश की दिशा : अखिलेश यादव
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश देश की दिशा तय करेगा। श्री यादव ने गुरूवार को जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश से प्रधानमंत्री बनते रहे है। भाजपा सरकार ने यूपी को हर मामले में पीछे छोड़ दिया है। भाजपा सरकार किसानों, नौजवानों से लगातार झूठ बोल रही है। सरकार रोजगार को लेकर झूठे आंकड़े देती है।
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से किये वादों को पूरा नहीं किया। कोई विकास नहीं किया। विकास को लेकर सवाल पूछने पर सरकार जेल भिजवा देती है। यह कहां का लोकतंत्र है। भाजपा सरकार संविधान विरोधी है। भाजपा सच नहीं सुनना चाहती है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी-माफिया खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं।
श्री यादव ने कहा कि हम लगातार मांग कर रहे है कि भाजपा सरकार प्रदेश के टॉप टेन और टॉप 100 माफियाओं की सूची जारी करें लेकिन भाजपा सरकार सूची नहीं जारी कर रही है। क्योंकि सूची जारी होगी तो उसमें सबसे ज्यादा संख्या में भाजपाई ही होंगे।
उन्होने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब नहीं देना चाहती है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है। सड़कों और खेतों में सांड घूम रहे हैं। किसानों और आम लोगों की जान जा रही है। भाजपा सरकार छुट्टा जानवरों के चलते होने वाली मौतों को नहीं रोक पा रही है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।