भाजपा ने दिया किसानो को धोखा : अखिलेश यादव
लखनऊ, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में खेती का लागत मूल्य लगातार बढ़ रहा है लेकिन किसान को उनकी फसलों की कीमत नहीं मिल पा रही है।
अखिलेश यादव ने यहां जारी बयान में कहा कि भाजपा किसानों को लगातार धोखा दे रही है। केन्द्र में भाजपा सरकार के नौ साल हो गए किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। भाजपा किसानों से झूठे वादे करती है। किसानों को भ्रमित करने के लिए नए-नए कार्यक्रम घोषित करती है। भाजपा सरकार में आलू किसान बर्बाद हो गया। गन्ना की लागत बढ़ी पर सरकार ने गन्ने की कीमत नहीं बढ़ायी। गन्ना किसानों का चीनी मिलों पर अभी भी हजारों करोड़ रूपये बकाया है। गन्ना किसान परेशान है। इसी तरह से प्रदेश में किसानों के गेंहू की सरकारी खरीद नहीं हो पायी। सरकारी क्रय केन्द्रों पर सन्नाटा पसरा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को अब मामूली सम्मान निधि के नाम पर भी धोखा दे रही है। किसानों को उनका हक न देने के लिए सरकार तरह-तरह के नियम बनाकर उलझाती है जिससे कि किसान सरकार के बनाये नये-नये नियमों, कानूनों के चक्कर में फंसा रहे।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीयत किसानों के प्रति कभी ठीक नहीं रही। भाजपा किसान विरोधी है। भाजपा सरकार पूंजीपतियों की पोशक है। भाजपा सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को नियम कानूनों को ताक पर रखकर फायदा पहुंचा रही है जबकि किसानों को कानूनों में उलझाकर परेशान करती है। भाजपा सरकार किसानों की दुश्मन है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण किसान कर्ज में डूबता जा रहा है। किसान मजबूरन आत्महत्या करने पर मजबूर है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।