सपा के ट्विटर एडमिन की गिरफ्तारी पर सपा नेताओं की योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी, अखिलेश पहुंचे पुलिस मुख्यालय
उत्तर प्रदेश, भारत। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी मीडिया सेल के ट्विटर पेज पर एफआईआर मामले को लेकर बहुत जबरदस्त बवाल मचा हुआ है। इस बीच समाजवादी पार्टी के ट्विटर एडमिन कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल को अभद्र टिप्पणी के मामले में लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी के विरोध में पुलिस मुख्यालय पहुंचे अखिलेश यादव :
समाजवादी पार्टी के ट्विटर एडमिन कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल गिरफ्तारी के विरोध में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पुलिस मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान अखिलेश यादव के मुख्यालय पहुंचने की जानकारी मिलते ही सपा के नेता भी मुख्यालय पहुंचे और भाजपा व योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर समाजवादी पार्टी आग बबूला हो गई है और आक्रोश जताते हुए जल्द से जल्द उनके रिहा किया जाने की मांग कर रही है।
तो वहीं, सपा नेता अखिलेश यादव का वीडियो भी सपा ने शेयर किया है, जिसमें लिखा- मुख्यालय में सपा प्रमुख के पहुंचने पर कोई भी मौजूद नहीं था। माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पुलिस मुख्यालय, लखनऊ पहुंचे। मुख्यालय में कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं। पुलिस मुख्यालय लखनऊ में मौजूद माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, अब भी कोई जिम्मेदार व्यक्ति उपस्थित नहीं।
क्यों हुई सपा के ट्विटर एडमिन की गिरफ्तारी :
समाजवादी पार्टी के ट्विटर एडमिन कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी क्यों हुई, लखनऊ पुलिस ने उन्हें क्यों गिरफ्तार किया, इस बारे में उन पर अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप है, इसी के चलते लखनऊ पुलिस द्वारा उन्हें अरेस्ट किया गया है। इसके अलावा हजरतगंज थाने में उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी की जाने के मामले में तीन मुकदमे भी दर्ज हैं। इसमें से एक FIR बीजेपी सांसद सुब्रत पाठक के ओर से भी दर्ज कराई गई थी, जिसमें एक दिसंबर के ट्वीट का हवाला देकर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था। बता दें कि, पिछले कुछ दिनों से सपा के सोशल मीडिया सेल की ट्विटर हैंडल से BJP के नेताओं और पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की जा रही थी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।