क्या है 75 रुपए के सिक्के की खास बात
क्या है 75 रुपए के सिक्के की खास बातSyed Dabeer Hussain - RE

क्या है 75 रुपए के सिक्के की खास बात? कौन और कितने में खरीद सकते हैं यह सिक्का?

इस तरह के सिक्कों में चांदी और अन्य धातुओं का उपयोग होता है इसलिए इनकी कीमत भी अधिक होती है। चलिए बताते हैं आप कैसे खरीद सकते हैं या सिक्का?

राज एक्सप्रेस। नए संसद भवन (New Parliament House) के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 75 रुपए का सिक्का जारी किया है। इस सिक्के के जारी होने के बाद से ही लोगों में इसे देखने की उत्सुकता बनी हुई है। हम आपको बता दें कि यह एक खास सिक्का है और इस आम खरीददारी के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। हालांकि यदि आपको सिक्के इकट्ठा करने का शौक है तो आप इसे खरीदकर अपने पास जरुर रख सकते हैं। लेकिन इससे पहले चलिए आपको इस सिक्के की खासियत, यह कैसे बनाया गया है? और आप इसे कैसे खरीद सकते हैं? इस बारे में विस्तार से जानकारी दे देते हैं।

कैसे बना है यह सिक्का?

जानकारी के अनुसार इस सिक्के को कोलकाता के टकसाल में बनाया गया है। इसका वजन 35 ग्राम है। इस खास सिक्के को बनाने में 50 फीसदी यानि 17.5 ग्राम चांदी, 40 फीसदी कॉपर और क्रमशः 5-5 फीसदी जिंक और निकल का इस्तेमाल किया गया है।

क्या है इस सिक्के की खासियत?

इस सिक्के की खासियत है कि इसके आगे वाले हिस्से में अशोक स्तंभ बना हुआ है, जिसके नीचे सत्यमेव जयते लिखा हुआ है। इसकी एक ओर अंग्रेजी में इंडिया और दूसरी ओर देवनागरी में भारत लिखा गया है। इसके अलावा सिक्के के पीछे वाले हिस्से पर संसद की तस्वीर बनी है। जिसके नीचे साल 2023 लिखा हुआ है। वहीं इसके ऊपरी और निचले हिस्से में हिंदी और अंग्रेजी में संसद संकुल लिखा गया है।

कहाँ से और कितने में खरीद सकते हैं यह सिक्का?

बता दें कि आप इस सिक्के को सिक्योरिटी प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SPMCIL) की वेबसाइट से ऑर्डर कर सकते हैं। इसके अलावा आप इसे सरकारी वेबसाइट www.indiagovtmint.in से भी खरीद सकते हैं। लेकिन इस तरह के सिक्कों में चांदी और अन्य धातुओं का उपयोग होता है इसलिए इनकी कीमत भी अधिक होती है। जानकारी के अनुसार 75 रुपए के सिक्के की कीमत 1300 रुपए बताई जा रही है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com