कर्नाटक में फिर कत्ल की वारदात- अब मंगलूरु में युवक पर बेरहमी से हमला
कर्नाटक, भारत। कत्लबाजी जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही है। अब कर्नाटक में तीन दिनों के बीच दूसरी हत्या के मामले से शहर में तनाव है। दरअसल, दो दिन पहले ही दक्षिण कन्नड़ में भाजपा युवा शाखा के कार्यकर्ता प्रवीण नेत्तारू की हत्या मामले के बाद अब मंगलूरु के सूरतकल जिले में एक युवक की हत्या कर दी गई है।
कई स्थानों पर धारा 144 लागू :
बताया जा रहा है कि, मंगलूरु के सूरतकल जिले में अज्ञात लोगों द्वारा 23 वर्षीय युवक का कत्ल कर दिया गया है। अब युवक का कत्ल क्यों किया, इस वारदात के बारे में अभी कुछ साफ नहीं हो पाया है। तनाव माहौल के चलते पुलिस ने जिले के कई स्थानों पर धारा 144 लागू कर दी है एवं मुस्लिम समुदाय के लोगों से घर पर नमाज अदा करने का आग्रह किया है।
मंगलूरु पुलिस आयुक्त ने बताया :
तो वहीं, इस वारदात के बारे में मंगलूरु पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि, ''रात करीब 8 बजे एक घटना हुई, जहां सूरतकल में कृष्णपुरा काटिपल्ला रोड के पास 4-5 लोगों ने 23 साल के युवक पर बेरहमी से हमला कर दिया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना के बाद सूरतकल में बड़ी सभाओं पर रोक लगा दी है।''
सूरतकल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज :
इसके अलावा पुलिस अधिकारी द्वारा यह भी बताया गया है कि, ''युवाओं के एक समूह की तरफ से उस पर घातक हथियारों से हमला किया गया था। सूरतकल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। सूरतकल, मुल्की, बाजपे, पनंबूर में धारा 144 लागू कर दी गई है। वह एक चश्मदीद की शिकायत दर्ज कर रहे हैं, जो वारदात के वक्त युवक के साथ था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक का नाम फैजल है। उसका पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा है।''
पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि, ''वे अफवाहों पर विश्वास न करें। घटना के पीछे के मकसद की जांच और दोषियों की पहचान की जा रही है।''
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।