जानिए भारत से पहले अब तक कौन-कौन से देश लॉन्च कर चुके हैं सूर्य मिशन?
हाइलाइट्स :
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र का अगला लक्ष्य सूर्य की स्टडी करना है।
इसरो 2 सितंबर को मिशन सन लांच करने जा रहा है।
नासा ने अब तक सर्वाधिक 14 बार सूर्य मिशन लॉन्च किया है।
राज एक्सप्रेस। बीते दिनों भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर विक्रम लैंडर की सफल लैंडिंग करवाकर इतिहास रच दिया। चंद्रयान 3 की शानदार सफलता के बाद अब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र का अगला लक्ष्य सूर्य की स्टडी करना है। इसके लिए इसरो 2 सितंबर को मिशन सन लांच करने जा रहा है। यह पहला मौका है जब सूर्य की स्टडी के लिए इसरो कोई मिशन लॉन्च करने वाला है। इस मिशन के जरिए इसरो सूर्य के तापमान, पराबैगनी किरणों के धरती और ओजोन परत पर पड़ने वाले असर सहित तरह के कई शोध करने जा रहा है। हालांकि यह पहली बार नहीं है कि कोई देश सूर्य की स्टडी करने के लिए मिशन लॉन्च करने वाला है। इससे पहले भी कई देश ऐसा कर चुके हैं।
अब तक भेजे गए 22 मिशन
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अब तक सर्वाधिक 14 बार सूर्य मिशन लॉन्च किया है। नासा के अलावा यूरोपीय स्पेस एजेंसी और जर्मन एयरोस्पेस सेंटर भी सूर्य मिशन लांच कर चुके हैं। नासा ने यूरोपीय स्पेस एजेंसी और जर्मन एयरोस्पेस सेंटर के साथ मिलकर भी 5 मिशन लॉन्च किए हैं। यह तीनों एजेंसियां अलग-अलग और संयुक्त रूप से अब तक 22 बार सूर्य मिशन लॉन्च कर चुकी हैं।
सबसे सफल मिशन
साल 2001 में नासा ने जेनेसिस मिशन लॉन्च किया था। इसका मकसद सूर्य के चक्कर लगाते हुए सौर हवाओं का सैंपल लेना था। इस स्पेसक्राफ्ट ने अपना काम बखूबी किया और सूर्य के चारों ओर घूमकर महत्वपूर्ण डाटा इकट्ठा किया। हालांकि यह स्पेसक्राफ्ट वापस धरती पर सुरक्षित लैंडिंग नहीं कर पाया और क्रैश हो गया था। इसके बावजूद नासा ने स्पेसक्राफ्ट के टुकड़ों से महत्वपूर्ण डाटा हासिल किया था।
पार्कर सोलर प्रोब मिशन
नासा का पार्कर सोलर प्रोब मिशन अब तक सूर्य के सबसे करीब पहुंचने वाला सूर्य मिशन है। इसने सूर्य के ऊपरी वायुमंडल से आवेशित कणों के नमूने लिये और सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र की जानकारी जुटाई थी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।