CAA नागरिकता छीनने का नहीं नागरिकता देने का प्रावधान है: अमित शाह
CAA नागरिकता छीनने का नहीं नागरिकता देने का प्रावधान है: अमित शाह Social Media

CAA नागरिकता छीनने का नहीं नागरिकता देने का प्रावधान है: अमित शाह

नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में जबलपुर पहुंचे अमित शाह ने जनता से सीधा संवाद किया और कहा CAA में कहीं पर भी किसी की नागरिकता छीनने का प्रावधान नहीं है, इसमें नागरिकता देने का प्रावधान है।

राज एक्सप्रेस। नागरिकता संशोधन कानून(CAA) के समर्थन में एवं नागरिकता कानून के बारे में फैले भ्रम को दूर करने को भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इस के चलते आज केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जबलपुर की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि ये जन जागरण अभियान भाजपा इसलिए चला रही है क्योंकि कांग्रेस पार्टी, केजरीवाल, ममता बनर्जी, कम्यूनिस्ट ये सभी इकट्ठा होकर देश को गुमराह कर रहे हैं।

गृहमंत्री शाह ने कहा कि आज विवेकानंद जयंती है, विवेकानंद जी को 39 साल की कम आयु और अनेक रोगों से घिरा हुआ शरीर ईश्वर ने दिया मगर मनोबल हिमालय जैसा था, उन्होंने पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति का परिचय कराया।

गृहमंत्री शाह ने कहा कि आज मैं बताने आया हूं कि CAA में कहीं पर भी किसी की नागरिकता छीनने का प्रावधान नहीं है, इसमें नागरिकता देने का प्रावधान है, देश के अल्पसंख्यकों को उकसाया जा रहा है कि आपकी नागरिकता चली जाएगी। कांग्रेस वालों कान खोल कर सुन लो, जितना विरोध करना है करो, ये सारे लोगों को नागरिकता देकर ही हम दम लेंगे। भारत पर जितना अधिकार मेरा और आपका है, उतना ही अधिकार पाकिस्तान से आए हुए शारणार्थियों का है। वो भारत के बेटा-बेटी हैं, वो हमारे भाई हैं।

उन्होंने कहा कि मैं देश के अल्पसंख्यक भाइयों-बहनों से कहने आया हूं कि CAA को पढ़ लें इसमें कहीं पर भी किसी की भी नागरिकता जाने का कोई प्रावधान नहीं है। जब देश का बंटवारा हुआ और कांग्रेस पार्टी ने देश का बंटवारा धर्म के आधार पर किया। बंटवारे के समय पूर्वी और पश्चिमी पाकिस्तान से हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाइ को भारत आना था, मगर उस समय स्थिति सही नहीं होने के कारण वहां वो रह गए। हमारे देश के सभी नेताओं ने आश्वासन दिया था कि आप अभी वहां रह जाइए और आप जब भी कभी भारत आएंगे तो आपका स्वागत किया जाएगा, भारत आपको नागरिकता देगा।

शाह ने कहा कि मैं आप सबको बताना चाहता हूँ, 2 जुलाई 1947 को महात्मा गांधी जी ने कहा- जिन लोगों को पाकिस्तान से भगाया गया, जो पाकिस्तान में रह गए हैं। उनको पता होना चाहिए कि वो भारत के नागरिक थे, जब भी भारत में आना चाहते हैं। भारत उनको नागरिकता देगा। आज सारे कांग्रेसी पूरे देश में CAA का विरोध कर रहे हैं। जो गांधी जी ने कहा था, राहुल बाबा आप गांधी जी की भी नहीं सुनोगे।

भाजपा अध्यक्ष शाह ने कहा कि कांग्रेस वालों कान खोल कर सुन लो, जितना विरोध करना है करो, ये सारे लोगों को नागरिकता देकर ही हम दम लेंगे। कमलनाथ जी जोर-जोर से कहते हैं CAA लागू नहीं होगा। अरे कमलनाथ जी ये जोर से बोलने की आयु नहीं है आपकी, स्वास्थ बिगड़ जाएगा आपका। अगर इतना जोर बाकी है तो मध्य प्रदेश को ठीक करिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जी की जयंती है, उनका नाम नरेंद्र था हम गौरवान्वित हैं 127 साल पहले उस महान नरेंद्र ने पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति की अलख जगाई थी। हम गौरवान्वित इसलिए हैं कि आज प्रधानमंत्री यानी दूसरे नरेंद्र ने पूरे विश्व में भारत का मान और सम्मान बढ़ाया है।

CAA के समर्थन में उमड़ा जनसैलाव
CAA के समर्थन में उमड़ा जनसैलाव Social Media

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com