गरीब व्यक्ति के लिए सम्मान के साथ जीने का बनाया रास्ता, यही भाजपा सरकार की पहचान: अमित शाह
सतना, मध्य प्रदेश। मध्यप्रदेश के सतना में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने माता शबरी की जयंती के अवसर पर सतना में आयोजित 'कोल जनजाति महाकुंभ' को भी संबोधित किया।
सबसे ज्यादा घर मेरे आदिवासी भाई-बहनों के बने :
सतना में अमित शाह ने कोल जनजाति महाकुंभ को संबोधित कर कहा- अंत्योदय... समाज के गरीब से गरीब व्यक्ति के लिए समाज में सम्मान के साथ जीने का रास्ता बनाना, यही भाजपा सरकारों की पहचान है। एक जमाना था जब कांग्रेस की सरकार थी, गरीबों के घर में शौचालय नहीं था... मोदी जी ने 10 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनवाए और इसमें से भी सबसे ज्यादा मेरे आदिवासी भाई-बहनों के घर में बने।
हम सबके विकास के लिए काम करते हैं
हम सबके विकास के लिए काम करते हैं। अंत्योदय भाजपा का आदर्श वाक्य है। हमारे देश के गरीब लोगों को सम्मानित जीवन प्रदान करना हमारा लक्ष्य और प्रतिबद्धता है। मोदी जी ने कहा था कि उनकी सरकार आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और गरीबों की सरकार है।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह
आगे उन्होंने यह भी कहा कि, कोल समाज के सभी भाइयों-बहनों, मैं आपको 1831 का कोल विद्रोह भी याद दिलाना चाहता हूं। यह भाजपा की ही सरकार है जिसने जनजातियों द्वारा किए विद्रोह को स्थान देते हुए स्वतंत्रता संग्राम समारक बनाने का निर्णय लिया। यहां बीच में कुछ समय के लिए कांग्रेस की सरकार आई थी, शिवराज जी के शुरू किए गए गरीब और जनजाति केंद्रित सारे काम, उन्होंने रोक दिए। दोबारा भाजपा सरकार बनी तो वो सारी योजनाएं शुरू हुईं। मोदी जी और शिवराज जी...डबल इंजन की ये सरकार मध्य प्रदेश के हर गरीब के जीवन में सुख पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।