भाजपा ने जानबूझ कर डाला गरीबों की जेब पर डाका : अखिलेश
भाजपा ने जानबूझ कर डाला गरीबों की जेब पर डाका : अखिलेशSyed Dabeer Hussain - RE

भाजपा ने जानबूझ कर डाला गरीबों की जेब पर डाका : अखिलेश

किसानों के बिजली बिल में छूट देने के योगी सरकार की घोषणा पर निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जानबूझकर गरीबों की जेब पर डाका डाल रही थी।

लखनऊ। किसानों के बिजली बिल में छूट देने के योगी सरकार की घोषणा पर निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जानबूझकर गरीबों की जेब पर डाका डाल रही थी। पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने रविवार को कहा कि जिस दिन से समाजवादी पार्टी ने 300 यूनिट घरेलू बिजली फ्री देने की घोषणा की है, उसी दिन घबराकर भाजपा ने बिजली का बिल आधा करने की घोषणा की। इसका मतलब है कि भाजपा जानबूझकर गरीबों की जेब पर डाका डाल रही थी। गरीबों को सस्ती बिजली दी जा सकती थी, लेकिन भाजपा की नीयत साफ नहीं थी। पांच साल तक इसने महंगी बिजली दी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। भाजपा की विदाई और सपा को सत्ता सौंपने का फैसला मतदाताओं ने कर लिया है। भाजपा द्वारा लोकतंत्र पर हमला जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। 10 मार्च 2022 को लोकतंत्र के पक्ष में परिणाम आ जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव किसानों, नौजवानों, महिलाओं के मान सम्मान का चुनाव है। प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। चुनाव में भाजपा का सफाया होना तय है। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को समस्याओं में उलझा दिया है। भाजपा राज में किसानों को कुचल कर मार दिया, नौजवानों पर लाठियां बरसाईं और नौकरी-रोजगार छीना है। किसानों को धोखा दिया। नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। किसान की आय दुगुनी तो नहीं हुई। उसकी कमाई आधी और महंगाई दुगनी हो गई है। भाजपा ने गरीब की जेब काटी और अमीर की तिजोरी भरी। इसीलिए जनता भाजपा के विधायकों-सांसदों को गांव में नहीं घुसने दे रही है, जनता भाजपा के खिलाफ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि एनसीआरबी का डाटा कहता है कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा दंगे हुए, फेक एनकाउंटर हुए, बहन बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित रहीं। हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें हुई। मानवाधिकार ने यूपी सरकार को सबसे ज्यादा नोटिस दी। मुख्यमंत्री पर खुद दंगे के आरोप हैं। यह देश में पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिनके ऊपर इतने ज्यादा गंभीर धाराएं लगीं।

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। समाजवादी सरकार ने जनहित में जो काम किए उन उपलब्धियों को लोगों को बताएंगे। जनता भाजपा के झूठ तंत्र और षड्यंत्रों को कामयाब नहीं होने देगी। समाजवादी और अम्बेडकरवादी मिलकर भाजपा को हटाने के लिए संकल्पित है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com