हिमाचल में आपदा के लिए CM ने बिहारियों को ठहराया जिम्मेदार
हिमाचल में आपदा के लिए CM ने बिहारियों को ठहराया जिम्मेदारSyed Dabeer Hussain - RE

हिमाचल में आपदा के लिए मुख्यमंत्री ने बिहारियों को ठहराया जिम्मेदार, भाजपा हुई हमलावर

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी तबाही के लिए ‘बिहारी आर्किटेक्ट्स’ को जिम्मेदार ठहराया है, जिसको लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।

हाइलाइट्स :

  • हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड के चलते कई इमारतें मिट्टी के ढेर में बदल चुकी हैं।

  • जून से अब तक हिमाचल में प्राकृतिक आपदा के चलते 300 से भी अधिक लोगों की जान जा चुकी हैं।

  • राज्य की करीब 10 हजार करोड़ रूपए की संपत्ति नष्ट हो चुकी है।

राज एक्सप्रेस। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों कुदरत अपना कहर बरपा रही है। देवभूमि हिमाचल प्रदेश से लगातार तबाही की भयानक तस्वीरें सामने आ रही हैं। जगह-जगह लैंडस्लाइड के चलते कई इमारतें मिट्टी के ढेर में बदल चुकी हैं। जून से अब तक हिमाचल में प्राकृतिक आपदा के चलते 300 से भी अधिक लोगों की जान जा चुकी हैं। राज्य की करीब 10 हजार करोड़ रूपए की संपत्ति नष्ट हो चुकी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हवाई सर्वेक्षण, राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं। हालांकि इस दौरान उन्होंने एक ऐसा बयान दे दिया है, जिससे प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा मुख्यमंत्री के बयान को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला कर रही है। तो चलिए जानते हैं कि आखिर यह पूरा मामला क्या है?

तबाही के लिए बिहारी जिम्मेदार

दरअसल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा है कि, ‘राज्य में इमारतों को जो नुकसान हुआ है, वह इन्हें बनाने वालों की गलती है। इन निर्माण कार्यों के लिए दूसरे राज्यों से लोग आते हैं। वह बिना वैज्ञानिक तरीकों के मंजिल पर मंजिल बनाते हैं। ये प्रवासी आर्किटेक्ट्स हैं, जिन्हें मैं ‘बिहारी आर्किटेक्ट्स’ कहता हूं। हमारे पास स्थानीय आर्किेटेक्ट नहीं हैं।’

भाजपा हुई हमलावर

मुख्यमंत्री सुखविंदर के बयान पर विपक्षी दल भाजपा हमलावर हो गई है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री के बयान को लेकर कहा कि, ‘हिमाचल प्रदेश में हुई भारी तबाही के लिए बिहारियों को जिम्मेदार ठहराकर कांग्रेस ने अपना असली रंग दिखा दिया है। बिहार के लोगों का राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है। किसी को भी उनका अपमान करने का हक नहीं है।’

सुक्खू ने दी सफाई

वहीं जब इस मामले पर राजनीति तेज हो गई तो खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर को सामने आकर मामले में सफाई देनी पड़ी। उन्होंने तबाही के लिए बिहारियों को जिम्मेदार ठहराने की बात को खारिज करते हुए कहा कि, ‘वह हमारे भाईयों की तरह है। मैंने कई बिहारियों को आपदा से सुरक्षित बाहर निकाला है। अभी भी कई बिहारी यहां फंसे हुए हैं। यहां आई तबाही स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग की गलती है जबकि वे तो सिर्फ मजदूर है।’

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com