
झारखंड, भारत। झारखंड में MLA कैश कांड को लेकर राजनीति हो रही है, 3 कांग्रेसी विधायकों के पास से भारी कैश मिले जाने के बाद उनसे पश्चिम बंगाल की सीआईडी फिलहाल हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा आज एक टीवी चैनल पर बातचीत के दौरान इस मामले का आरोप भाजपा पर लगाया और यह बड़ा बयान दिया है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का कहना है कि, ''भाजपा चाहती है कि देश में उनके अलावा कोई दूसरी पार्टी या व्यक्ति सत्ता में ना रहे। भाजपा हमारी सरकार के पीछे इसलिए है, क्योंकि हम सत्ता में हैं, उन्हें ये सत्ता चाहिए, लेकिन हमें सत्ता जनता ने दी है और उनकी हर उम्मीद पर खरा उतरने की हमेशा कोशिश रहेगी।''
यह चिंता का विषय है कि कांग्रेस के तीन विधायक हिरासत में हैं, ये कोशिश काफी लंबे समय से चल रही थी। अब जांच के बाद यह पता चलेगा कि, यह चैनल कहां से कहां तक जाता है। यह पता चलेगा कि, इस कोशिश की शुरुआत भाजपा के कमरे से ही हुई है। लोगों का लोकतंत्र पर से विश्वास खत्म हो गया है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आगे यह भी कहा कि, ''अब वो धनबल की राजनीति पर विश्वास ज्यादा कर रहे हैं। किसी भी तरह से इस मुहिम में लगे रहते हैं कि कभी कुछ हासिल होता है, तो कभी मुसिबत में भी फंसते हैं, वर्तमान जो राजनीतिक स्थिति है इसमें लोकतंत्र को खरीदने की बात है।''
वो भी राजनीतिक पार्टी है और हम भी, उसमें डरने और नहीं डरने की बात नहीं है। इसमें राजनीतिक ताकत दिखाने की बात है। कौन अपनी राजनीतिक ताकत कितनी दिखा पाता है,कितने लोगों से जुड़ पाते हैं, कितने लोगों के बीच इनकी पकड़ है, कितने लोगों का समर्थन है। जब राज्य की जनता का समर्थन हमें प्राप्त है तो किसी और से डरने की जरूरत नहीं है।
फिलहाल सदन का सत्र चल रहा है, हमारे विपक्ष के साथी काफी कुछ संकेत दे रहे हैं कि हम लोग राजनीतिक परिभाषा बदलने जा रहे हैं। अब देखते हैं कि वे कैसे राजनीतिक परिभाषा बदलना चाहते हैं।
पिछले तीन दिनों से वो सदन में किस तरह से आचरण कर रहे हैं और वार कर रहे हैं। सरकार का ध्यान भटकाने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं, चर्चा के लिए जिस भी चीज पर सहमति बनती है, उस पर ही वे लोग हंगामा करते हैं।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।