
पश्चिम बंगाल, भारत। इन दिनों कई नेताओं के ठिकानों पर कभी ED की पूछताछ तो कभी छापेमारी जैसी खबरें लगातार चर्चा में बनी हुई है। इसी बीच बीते दिन ही पश्चिम बंगाल पुलिस ने हावड़ा में झारखंड के 3 कांग्रेसी विधायकों की गाड़ी से भारी मात्रा में कैश बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए है।
भाजपा को निशाने पर लेते हुए कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां :
दरअसल, जामताड़ा से विधायक इरफान अंसारी, खिजरी से विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा से विधायक नमन बिक्सल को भारी कैश के साथ गिरफ्तार किया। इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश और झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए यह टिप्पणी दी है।
भाजपा पैसे के दम पर सरकार गिराने की साजिश रच रही है। झारखंड में भी महाराष्ट्र की तरह खरीद-फरोख्त कर सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर
आगे उन्होंने यह भी कहा- सभी ने देखा कि कैसे सरकारों को गिराने का केंद्र बिंदु अब असम बन गया है। 15 दिनों तक ड्रामा हुआ और आखिरकार महाराष्ट्र सरकार गिरा दी गई। यह इस ओर इंगित करता है कि, झारखंड में भी सरकार को अस्थिर करने की साजिश हो रही है। आने वाले समय में सारी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। हालांकि, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि घटना दुखद है और राज्य इकाई इस मामले में पार्टी आलाकमान को रिपोर्ट सौपेंगी। जांच पूरी होने तक इस बारे में बात करना उचित नहीं होगा, लेकिन देश की स्थिति को देखते हुए ... गिरफ्तार विधायक मामले को बेहतर ढंग से समझा सकते हैं। हालांकि, घटना दुखद है। हम अपने आलाकमान को एक रिपोर्ट सौंपेंगे। इस साजिश में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
तो वहीं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश द्वारा यह कहा गया है कि, ''झारखंड में भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ आज रात हावड़ा में बेनकाब हो गया। दिल्ली में ‘हम दो’ का गेम प्लान झारखंड में वही करने का है, जो उन्होंने महाराष्ट्र में ई-डी (एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस) की जोड़ी से करवाया।’’
झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि, ''जो सरकार उनकी नहीं है, उसे अस्थिर करने की कोशिश करना भाजपा के स्वभाव में है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार के खिलाफ भी ऐसा ही किया गया है। उन्हें (भाजपा द्वारा) पैसे दिए जाने का एकमात्र कारण सरकार गिराना है।''
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।