यूपी में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाला विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ने का ऐलान किया है।
यूपी में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
यूपी में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेसSyed Dabeer Hussain - RE

लखनऊ। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाला विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समेत कुछ दल भ्रम फैला रहे है कि कांग्रेस अगला विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) अथवा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ मिलकर लड़ सकती है। यह सरासर अफवाह है। कांग्रेस मजबूत इरादों के साथ प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी और सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यकाल में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, तीन नये कृषि कानून के जरिये किसानों का शोषण समेत अन्य जनविरोधी मुद्दों को लेकर जनता के समक्ष जायेगी और अगली सरकार बनाने के लिये आशीर्वाद मांगेगी।

उन्होंने कहा कि पिछले 32 सालों के दौरान प्रदेश की सत्ता में काबिज रही सपा, बसपा और भाजपा ने अपनी नीतियों से इस राज्य को बदहाली की कगार पर पहुंचा दिया है। कारखानों में ताले पड़े हैं, उद्योग धंधे चौपट है। नौजवान नौकरी के लिये राज्य से पलायन को मजबूर है। किसानो की आय दोगुनी होने की बजाय आधी से भी कम हो गयी है। कर्ज के दलदल में फंसे किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। महिलाओं का सड़क पर अकेले चलना दूभर है।

श्री लल्लू ने दावा किया कि जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने वाली कांग्रेस के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। इसको देखते हुये पार्टी ने छोटे दलों से गठबंधन के अपने इरादे को त्याग कर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इस बार विधानसभा चुनाव के परिणाम अप्रत्याशित होंगे और कांग्रेस प्रदेश में 1989 के बाद सरकार बनाने में सफल होगी।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं यूपी में सह प्रभारी राजेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस का प्रशिक्षण से पराक्रम महाभियान का 24 अगस्त से शुरू हुआ पहला चरण सात सितम्बर को समाप्त हो गया है। प्रदेश की 403 विधानसभाओ के 840 ब्लाक अध्यक्ष, 915 नगर निकाय , 8124 न्याय पंचायत सदस्यों के अलावा मोर्चा, संगठन के पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। अभियान के दौरान प्रशिक्षित 24 हजार कार्यकर्ता टोली बनाकर गांव-गांव गली-गली घूमेंगे और जनता के सामने भाजपा और राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ द्वारा की जा रही नफरत की राजनीति का भंडाफोड़ करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सांप्रदायिक मुद्दों पर चुनाव लड़ती है। देश का स्वतंत्रता संग्राम में भाजपा अथवा आरएसएस की कोई भूमिका नहीं रही और आज भी वह नफरत की राजनीति के जरिये चुनाव जीतने का प्रयास करती है। कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा के इन्ही हथकंडों को जनता के सामने जाकर उजागर करेंगे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com